दुर्ग पुलिस, मोबाइल रिकवरी सोर्स — नवभारत लाइव
दुर्ग

201 गुम मोबाइल बरामद, दुर्ग पुलिस ने असली मालिकों को लौटाए, अब तक 1,400 से ज्यादा फोन की वापसी

Lost mobile phone in Durg : सीईआईआर पोर्टल की मदद से दुर्ग पुलिस की बड़ी कामयाबी, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और बिहार तक पहुंची पुलिस की तकनीकी पड़ताल, वर्ष 2026 में सातवीं बार चलाया विशेष अभियान।

दिनेश कुमार चौहान, रोहित कुमार बंछोर

HIGHLIGHTS

  • सीईआईआर पोर्टल की मदद से गुम 201 मोबाइल बरामद।

  • मोबाइल फोन की कीमत 40 लाख आंकी गई।

  • सीईआईआर पोर्टल ने ऐसी शिकायतों पर कार्रवाई को बनाया प्रभावी।

  • मोबाइल वापस मिलने पर नागरिकों के चेहरों पर दिखी खुशी।

  • दूसरे राज्यों तक लोकेशन ट्रेस कर पुलिस ने किया बरामद।

Durg Police, Mobile Recovery : गुम हुए मोबाइल की तलाश में दुर्ग पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (एसीसीयू) ने तकनीकी जांच और सीईआईआर पोर्टल की मदद से अलग-अलग कंपनियों के 201 गुम मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है।

खास बात यह है कि बरामद मोबाइल केवल दुर्ग जिले तक सीमित नहीं थे, बल्कि महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और बिहार सहित दूसरे राज्यों तक उनकी लोकेशन ट्रेस कर पुलिस ने उन्हें बरामद किया। शनिवार, 14 नवंबर को एसएसपी विजय अग्रवाल की उपस्थिति में सभी 201 मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए।

दुर्ग पुलिस, मोबाइल रिकवरी

सातवीं बार चला अभियान, 1,400 से ज्यादा मोबाइल की हो चुकी है वापसी

दुर्ग पुलिस द्वारा गुम और खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। वर्ष 2026 में यह सातवां अवसर है, जब पुलिस ने बड़ी संख्या में मोबाइल बरामद कर नागरिकों को वापस किए हैं। सीईआईआर (Central Equipment Identity Register) पोर्टल के माध्यम से अब तक 1,400 से अधिक गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाए जा चुके हैं। इस बार बरामद 201 मोबाइल फोन की कीमत लगभग 40 लाख रुपये आंकी गई है।

दूसरे जिलों और राज्यों तक पहुंची तकनीकी जांच

एसीसीयू एवं जिले के विभिन्न थानों की संयुक्त टीम ने वर्ष 2024, 2025 और 2026 में गुम हुए मोबाइल फोन की जानकारी जुटाकर उनकी तकनीकी पतासाजी की। सीईआईआर पोर्टल पर उपलब्ध आईएमईआई नंबर सहित अन्य तकनीकी जानकारियों का विश्लेषण कर यह पता लगाया गया कि गुम मोबाइल किन स्थानों पर उपयोग किए जा रहे हैं।

इसके बाद संबंधित जिलों और राज्यों की पुलिस से समन्वय स्थापित कर मोबाइल बरामद किए गए। इस कार्रवाई में दुर्ग, भिलाई, राजनांदगांव, बालोद, बेमेतरा और रायपुर सहित अन्य जिलों के अलावा महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और बिहार तक पुलिस की टीम ने मोबाइलों की पतासाजी की।

सीईआईआर पोर्टल बना गुम मोबाइल की तलाश का प्रभावी हथियार

मोबाइल फोन गुम होने के बाद अक्सर लोग उसकी बरामदगी की उम्मीद छोड़ देते हैं, लेकिन सीईआईआर पोर्टल ने ऐसी शिकायतों पर कार्रवाई को प्रभावी बनाया है। इस पोर्टल के माध्यम से मोबाइल के आईएमईआई नंबर के आधार पर उसकी तकनीकी पहचान की जाती है। गुम मोबाइल में किसी अन्य सिम का उपयोग होने पर मिलने वाली तकनीकी जानकारी के आधार पर उसकी लोकेशन और उपयोग से संबंधित सुराग जुटाए जाते हैं। इसके बाद पुलिस संबंधित स्थानों पर समन्वय कर मोबाइल बरामद करती है।

मोबाइल वापस पाकर खिले चेहरों पर मुस्कान

14 नवंबर को पुलिस कंट्रोल रूम में एसएसपी विजय अग्रवाल की मौजूदगी में 201 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए। लंबे समय से गुम मोबाइल वापस मिलने पर नागरिकों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली।

मोबाइल गुम होने पर तुरंत करें ये काम

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तत्काल संबंधित थाने में सूचना दें और CEIR पोर्टल www.ceir.gov.in पर जाकर मोबाइल ब्लॉक कराने की प्रक्रिया पूरी करें। इसके अलावा मोबाइल में स्क्रीन लॉक और सुरक्षा सुविधाएं सक्रिय रखें तथा जरूरी डाटा का बैकअप सुरक्षित रखें।

हसीना को बांग्लादेश भेजने के लिए भारत ने रखीं 2 शर्तें, रिपोर्ट में सहमति बनने का दावा

पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को AIIMS से मिली छुट्टी, मॉर्निंग वॉक में हुए थे बेहोश

पंजाब में तीर्थ यात्रियों से भरी दो बसों की भीषण टक्कर, 4 की मौत; 10 की हालत गंभीर

हादसा नहीं, साजिश थी... सोनिया गांधी की किताब में साबरमती अग्निकांड के जिक्र पर राकेश अस्थाना का बड़ा खुलासा

11 घंटे में 4 बार कांपी जम्मू-कश्मीर की धरती, क्या यह किसी बड़े खतरे का संकेत है?