दुर्ग के चर्चित मंत्री यादव हत्याकांड में अदालत का बड़ा फैसला।
हत्या और षड्यंत्र के चारों आरोपियों को उम्रकैद।
गंजपारा नाका चौक पर धारदार हथियार से किया था हमला।
अक्षत दुबे और शुभम शर्मा को आर्म्स एक्ट में भी सजा।
सीसीटीवी, मोबाइल लोकेशन और फॉरेंसिक साक्ष्य बने सबूत।
Chhattisgarh Durg Crime News : जिले के बहुचर्चित श्रीराम यादव उर्फ मंत्री यादव हत्याकांड में करीब ढाई साल बाद अदालत ने अपना फैसला सुना दिया है। प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश, दुर्ग ने मामले में गिरफ्तार चारों आरोपियों को हत्या और आपराधिक षड्यंत्र का दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। वहीं इनमें से दो आरोपियों को आर्म्स एक्ट के तहत भी दो और तीन साल के सश्रम कारावास से दंडित किया गया है।
यह सनसनीखेज वारदात 21 मई 2024 की रात करीब 8:15 बजे गंजपारा नाका चौक के पास हुई थी। अभियोजन के मुताबिक आरोपियों ने श्रीराम यादव उर्फ मंत्री यादव का रास्ता रोककर उन पर धारदार हथियार और कड़े से जानलेवा हमला किया था। हमले में गंभीर चोटें आने के कारण उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद दुर्ग पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू की थी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए। विवेचना में सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन की लोकेशन से जुड़े तकनीकी साक्ष्य, जब्त हथियार, चिकित्सकीय रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों को शामिल किया गया। पुलिस ने इन साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में अभियोग पत्र पेश किया।
इन्हीं साक्ष्यों और अभियोजन की पैरवी के आधार पर प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश, दुर्ग ने 18 नवंबर 2026 को चारों आरोपियों को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई।
न्यायालय ने हत्याकांड में शामिल आरोपी अक्षत दुबे उर्फ मान्या 23 वर्ष निवासी कादम्बरी नगर, शुभम शर्मा 25 वर्ष निवासी आदित्य नगर, वंश राजपूत 19 वर्ष निवासी गयाना नगर व अमिताभ उर्फ चंदू 19 वर्ष निवासी हरी नगर दुर्ग है।
अदालत ने चारों आरोपियों को भारतीय दंड संहिता की धारा 302 सहपठित धारा 34 और धारा 120बी के तहत आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इसके अलावा धारा 341 सहपठित धारा 34 के तहत एक महीने का साधारण कारावास और अर्थदंड भी लगाया गया है।
वहीं, आरोपी अक्षत दुबे उर्फ मान्या और शुभम शर्मा को आयुध अधिनियम की धारा 25(1-ख) एवं 27 के तहत दो वर्ष और तीन वर्ष के सश्रम कारावास की अतिरिक्त सजा सुनाई गई है।
इस मामले की विवेचना निरीक्षक महेश कुमार ध्रुव और थाना दुर्ग की टीम ने की थी। पुलिस ने तकनीकी, वैज्ञानिक और भौतिक साक्ष्य जुटाकर न्यायालय में प्रस्तुत किए। शासन की ओर से अपर लोक अभियोजक पंकज बेलचंदन ने मामले की पैरवी की।
करीब ढाई साल तक चले इस मामले में अदालत के फैसले के साथ ही मंत्री यादव हत्याकांड के चारों आरोपियों को उनके अपराध की सजा मिल गई है।