दुर्ग-भिलाई के चार जगहों पर लगी आग।
घरेलू सामान सहित सरकारी रिकार्ड जलकर हुए खाक।
अग्निशमन टीम के कारण बड़ा हादसा टला।
10 हजार से अधिक लोगों ने की आतिशबाजी।
एसडीआरएफ की टीम भी रही अलर्ट मोड पर।
Chhattisgarh Fireworks Durg : दीपावली की रात दुर्ग-भिलाई में आतिशबाजी के बीच आगजनी की चार घटनाओं ने अग्निशमन विभाग की मुस्तैदी की परीक्षा ली। तालपुरी, वैशाली नगर और सेक्टर-6 सहित अलग-अलग इलाकों में आग लगने की सूचना मिलते ही अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा की टीमें सक्रिय हुईं।
दमकल कर्मियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और संभावित बड़े हादसों को टाल दिया। वैशाली नगर थाना के पीछे स्थित एक मकान में लगी आग से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया, जबकि सेक्टर-6 नगर निगम जोन कार्यालय क्रमांक-5 में सरकारी रिकॉर्ड भी आग की चपेट में आ गए।
दीपावली के दौरान आगजनी की आशंका को देखते हुए जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में दुर्ग जिले के संवेदनशील और प्रमुख स्थानों पर पहले से ही अग्निशमन वाहनों की तैनाती की गई थी। दुर्ग के पटेल चौक, सेक्टर-6 पुलिस कंट्रोल रूम और छावनी थाना परिसर में दमकल वाहन तैनात रखे गए थे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
अग्निशमन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार दीपावली की रात जिले में चार प्रमुख आगजनी की घटनाएं सामने आईं।
1. तालपुरी बी-ब्लॉक: यहां एक मोटरसाइकिल में आग लग गई। सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
2. वैशाली नगर थाना के पीछे: एक मकान में आग लगने से लाखों रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया।
3. सेक्टर-6 जोन कार्यालय: नगर निगम के जोन कार्यालय क्रमांक-5 में आग लगने से सरकारी रिकॉर्ड इसकी चपेट में आ गए। अग्निशमन टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई।
4. गुरुनानक नगर, वैशाली नगर: यहां भी एक मकान में आग लगने की सूचना मिली। दमकल टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आग पर नियंत्रण पाया।
दीपावली की रात आगजनी की घटनाओं पर नजर रखने के साथ अग्निशमन विभाग की टीम ने दुर्ग-भिलाई के विभिन्न इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग भी की। अग्निशमन सहायक प्रभारी एफ. प्रवीण बारा एवं संतोष पांडेय के नेतृत्व में दमकल वाहनों के जरिए संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी की गई।
रात करीब 12 बजे जयंती स्टेडियम के आसपास के इलाकों में 10 हजार से अधिक लोगों द्वारा पटाखे फोड़ते हुए देखे जाने पर टीम ने लोगों को समझाइश दी। साथ ही पुलिस कंट्रोल रूम को भी सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई के लिए अवगत कराया गया।
किसी बड़ी आपात स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ प्रभारी धनीराम यादव के नेतृत्व में पूरी एसडीआरएफ टीम को दुर्ग अग्निशमन कार्यालय में बैकअप के तौर पर अलर्ट मोड पर रखा गया था। अग्निशमन विभाग के दल प्रभारियों और कर्मचारियों ने अलग-अलग मोर्चों पर जिम्मेदारी संभाली।
विभाग के अनुसार जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में समन्वित कार्रवाई के चलते सभी घटनास्थलों पर समय रहते राहत एवं बचाव कार्य किया गया। आग पर नियंत्रण पाने से किसी बड़े हादसे की स्थिति निर्मित नहीं हुई और घटनास्थलों पर जनहानि नहीं हुई।