कभी माओवादियों का अभेद्य गढ़ था कर्रेगुट्टा, अब दीपों की रोशनी में गूंजे गीत और नृत्य

Diwali Celebration In Bastar : ऑपरेशन ब्लैक फॉरेस्ट के बाद बदली तस्वीर, 82 किमी दूर गुंजेपर्ती में जवानों ने ग्रामीणों के साथ मनाई दीपावली, 60 बच्चों को बांटी मिठाई, कपड़े और पटाखे.
CRPF Bijapur
दिवाली सेलिब्रेशन बस्तर(सोर्स - नवभारत लाइव)
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • सीआरपीएफ जवानों ने ग्रामीणों के साथ मनाई दिवाली।

  • जवानों और ग्रामीणों ने मिलकर जलाए दीप।

  • बच्चों को बांटे मिठाई, कपड़ा और पटाखा।

  • ऑपरेशन ब्लैक फॉरेस्ट के बाद बदली तस्वीर।

  • जवान और ग्रामीण एक साथ बैठकर किए भोजन।

Diwali Celebration in Bijapur : कभी माओवादियों के सबसे सुरक्षित ठिकानों और बड़े ऑपरेशनल केंद्रों में शुमार कर्रेगुट्टा (KGH) की पहाड़ियों में इस बार दीपावली की रात एक अलग ही तस्वीर दिखाई दी। जिन दुर्गम पहाड़ियों में कभी माओवादी गतिविधियों, बारूदी सुरंगों और सुरक्षा बलों के बड़े अभियानों की चर्चा होती थी, वहां इस बार दीपों की रोशनी, बच्चों की खिलखिलाहट, गीत-संगीत और पारंपरिक नृत्य की गूंज सुनाई दी। गुंजेपर्ती गांव में सीआरपीएफ जवानों ने ग्रामीणों के साथ दीपावली मनाकर विश्वास, भाईचारे और बदलते बस्तर का संदेश दिया।

जिला मुख्यालय से करीब 82 किलोमीटर दूर स्थित गुंजेपर्ती में सीआरपीएफ की सी/229 बटालियन के जवानों ने ग्रामीणों को दीपावली की खुशियों में सहभागी बनाया। जवानों ने आसपास के पारा और गांवों के करीब 60 बच्चों को मिठाई, प्रसाद, वस्त्र और पटाखे वितरित किए। शाम होते ही जवानों और ग्रामीणों ने मिलकर दीप जलाए।

इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम में गीत-संगीत और पारंपरिक नृत्य की प्रस्तुतियां हुईं। कार्यक्रम का सबसे खास पहलू यह रहा कि जवान और ग्रामीण एक साथ बैठकर रात्रि भोज में शामिल हुए। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा बलों और स्थानीय ग्रामीणों के बीच इस तरह का आत्मीय मेलजोल अपने आप में खास संदेश देता नजर आया।

CRPF Bijapur
दिवाली सेलिब्रेशन बस्तर(सोर्स - नवभारत लाइव)

कभी 450 से 600 माओवादियों का था जमावड़ा

कर्रेगुट्टा की इन पहाड़ियों का अतीत बेहद चुनौतीपूर्ण रहा है। छत्तीसगढ़ और तेलंगाना की सीमा पर फैला यह इलाका लंबे समय तक माओवादियों का सुरक्षित ठिकाना रहा। दुर्गम पहाड़ियां, घने जंगल, कठिन रास्ते और सीमित पहुंच इसे माओवादी संगठनों के लिए अनुकूल बनाते थे।

सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, यहां कभी माओवादी संगठनों के बड़े कमांडरों के साथ करीब 450 से 600 सशस्त्र माओवादियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिली थी। इस इलाके को माओवादी संगठन के बड़े सैन्य और रणनीतिक केंद्र के रूप में भी इस्तेमाल करते थे।

21 दिन तक चला था ऑपरेशन ब्लैक फॉरेस्ट

कर्रेगुट्टा को माओवादियों के प्रभाव से मुक्त कराने के लिए 21 अप्रैल से 11 मई 2025 तक सुरक्षा बलों ने बड़ा अभियान चलाया था। ऑपरेशन ब्लैक फॉरेस्ट के नाम से चर्चित इस कार्रवाई में सीआरपीएफ, कोबरा, डीआरजी, एसटीएफ और छत्तीसगढ़ पुलिस के हजारों जवान शामिल हुए थे। करीब 42-46 डिग्री तापमान, पानी की कमी, दुर्गम पहाड़ियां और रास्तों में बिछाए गए विस्फोटक सुरक्षा बलों के लिए बड़ी चुनौती बने रहे।

अभियान के दौरान 31 माओवादी मारे गए। इसके अलावा 226 आईईडी बरामद किए गए और बड़ी संख्या में हथियार, विस्फोटक तथा माओवादी ठिकाने नष्ट किए गए। इस अभियान को माओवादी संगठन के खिलाफ बड़ी रणनीतिक सफलता माना गया।

CRPF Bijapur
गौरा-गौरी पूजा में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सहा सोंटे का प्रहार, जानिए क्या है इसकी मान्यता

खतरे पूरी तरह खत्म नहीं, अब भी जारी है सतर्कता

कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों में सुरक्षा बलों की सफलता के बावजूद पुराने खतरे पूरी तरह समाप्त नहीं हुए हैं। इसका उदाहरण इसी महीने 6 नवंबर को सामने आया, जब ताड़ापाला इलाके के जंगलों में छिपाकर रखे गए 711 बीजीएल सेल बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस ने कर्रेगुट्टा और आसपास के जंगलों में आम नागरिकों को फिलहाल नहीं जाने की सलाह दी।

आशंका जताई गई कि क्षेत्र में अब भी पुराने विस्फोटक और आईईडी छिपे हो सकते हैं। ऐसे में सुरक्षा बलों के सामने चुनौती केवल माओवादी प्रभाव को समाप्त करने की नहीं, बल्कि पुराने ठिकानों को सुरक्षित बनाने और ग्रामीणों को संभावित खतरों से बचाने की भी है।

बंदूक के साये से भरोसे के उजाले तक

सी/229 बटालियन के कंपनी कमांडर निरीक्षक अरूपानंद नायक के नेतृत्व में आयोजित दीपावली कार्यक्रम इसी व्यापक बदलाव की एक झलक बना। उन्होंने कहा कि दीपावली अंधकार से प्रकाश, निराशा से आशा और दूरियों से अपनत्व की ओर बढ़ने का संदेश देती है। सुरक्षा बलों का प्रयास केवल सुरक्षा व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीणों के जीवन में खुशियां, विश्वास और सकारात्मक बदलाव लाना भी इसका हिस्सा है।

CRPF Bijapur
रायगढ़ में शराब दुकान में बड़ी चोरी, कैश और महंगी शराब के साथ CCTV का DVR भी ले गए चोर

कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों में इस बार जले दीप केवल दीपावली के उत्सव तक सीमित नहीं रहे। उन्होंने उस क्षेत्र में विश्वास और आपसी सहयोग की उम्मीद को भी रोशन किया, जहां कभी माओवादी हिंसा और दुर्गम परिस्थितियां आम जनजीवन पर भारी पड़ती थीं।

60 बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और जवानों-ग्रामीणों की साझा खुशियां इस बात का संकेत हैं कि बस्तर में शांति की राह केवल सुरक्षा अभियानों से नहीं, बल्कि लोगों के बीच विश्वास के रिश्ते मजबूत करने से भी होकर गुजरती है।