HIGHLIGHTS
म्यूल बैंक खातों के मामले में 14 गिरफ्तार।
साइबर ठगी की रकम खपाने के लिए देते थे बैंक खाते।
खाताधारकों को मिलता था 5 से 15 हजार रुपये तक कमीशन।
जामुल से 3 और पद्मनाभपुर से 11 आरोपी गिरफ्तार।
पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, मोबाइल और सिम जब्त।
Durg Cyber Fraud : चंद रुपये के कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराना 14 लोगों को भारी पड़ गया। दुर्ग पुलिस ने साइबर ठगी की रकम के लेन-देन और उसे छिपाने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल बैंक खातों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपी अपने और दूसरे लोगों के बैंक खाते एजेंटों के माध्यम से साइबर अपराधियों तक पहुंचाते थे। इसके बदले खाताधारकों को 5 हजार से 15 हजार रुपये तक कमीशन दिया जाता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, मोबाइल सिम, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं।
साइबर अपराधों में इस्तेमाल होने वाले म्यूल बैंक खातों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना जामुल, थाना पद्मनाभपुर और एसीसीयू दुर्ग की संयुक्त टीम ने बैंक खातों के लेन-देन का तकनीकी विश्लेषण और विवेचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
जांच में सामने आया कि साइबर ठगी से हासिल रकम को अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर उसका वास्तविक स्रोत छिपाने के लिए इन खातों का इस्तेमाल किया जा रहा था। संबंधित खातों में लाखों रुपये से अधिक के संदिग्ध लेन-देन का पता चला है।
इस संयुक्त कार्रवाई में थाना जामुल में दर्ज अपराध में तीन खाताधारकों को गिरफ्तार किया गया। इनमें मनोज यादव, प्रदीप कुमार और अक्षय राज शामिल हैं। वहीं थाना पद्मनाभपुर में दर्ज अपराध में नौ खाताधारकों और दो एजेंटों सहित कुल 11 आरोपियों पर कार्रवाई की गई।
पद्मनाभपुर प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों में महेश महानंद, उपेन्द्र सिंह, संतोष कुमार सोनी, कुंदन कुमार, सुमित कुमार सिंह, लोकेश बघेल, मोहन मांझी, अंकित डोगरे, आशुतोष तांडी, हेमा सिन्हा और सरस्वती ठाकुर शामिल हैं। इनमें उपेन्द्र सिंह और कुंदन कुमार की भूमिका एजेंट के रूप में बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, थाना जामुल क्षेत्र से जुड़े बैंक ऑफ बड़ौदा के खातों और थाना पद्मनाभपुर क्षेत्र से जुड़े एक्सिस बैंक के खातों की जांच के दौरान संदिग्ध लेन-देन सामने आए। तकनीकी साक्ष्यों, बैंकिंग रिकॉर्ड और विवेचना में मिले तथ्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(2), 318(3) और 317(4) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों को आगाह किया है कि थोड़े से कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक या मोबाइल सिम किसी दूसरे व्यक्ति को इस्तेमाल के लिए देना भारी पड़ सकता है। ऐसे खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम खपाने में होने पर खाताधारक भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं।