दुर्ग जिले के रिसाली भांठा में वीर लंगूर भगवान मंदिर में हुए दानपेटी की चोरी का खुलासा।
दानपेटी की चोरी के बाद आरोपी ने भंडारा सामग्री और घरेलू सामान में लगा दी आग।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस ने गवाह की पहचान से आरोपी को पकड़ा।
Chhattisgarh Police Expose Durg Theft: मंदिर की दानपेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी नगदी चोरी की और फिर वारदात के साक्ष्य मिटाने के इरादे से मंदिर के बाजू में बने सामान भंडारण कक्ष में आग लगा दी। रिसाली भांठा स्थित वीर लंगूर भगवान मंदिर में हुई इस घटना का नेवई पुलिस ने खुलासा करते हुए 27 वर्षीय आरोपी मनोज कुमार रात्रे उर्फ कल्लू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, रिसाली भांठा चार टंकी के पास स्थित वीर लंगूर भगवान मंदिर में 25 नवंबर की रात करीब 10 बजे ताला लगाकर मंदिर से जुड़े लोग अपने घर चले गए थे। अगले दिन सुबह जब मंदिर पहुंचे तो बाजू में बने सामान भंडारण कक्ष में आग लगी हुई थी। आग से वहां रखा फ्रिज, राशन, भंडारा सामग्री, बर्तन, पलंग, सोफा, कूलर और अन्य सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया था। वहीं, मंदिर का ताला टूटा हुआ था और दानपेटी में रखे करीब 3 हजार रुपये भी गायब थे।
मामले में प्रार्थी प्रदीप महानंद ने 26 नवंबर को थाना नेवई में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 326(छ), 331(4) और 305 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की। इसी दौरान महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगा। घटनास्थल के पास रहने वाले गवाह उत्तम सिंह ठाकुर ने पुलिस को बताया कि 25 नवंबर की रात तोड़फोड़ की आवाज सुनकर जब वह बाहर देखने आया, तब उसने आरोपी मनोज कुमार रात्रे उर्फ कल्लू को पहचान लिया था।
गवाह से मिली जानकारी और अन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पतासाजी शुरू की और 28 नवंबर को उसे रिसाली भांठा से पकड़ लिया। पुलिस ने अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर आरोपी को गिरफ्तार कर उसे दुर्ग न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।