छत्तीसगढ़ दंतेवाड़ा आंगनबाड़ी भवन सोर्स- नवभारत लाइव
दंतेवाड़ा

तीन साल से अधूरा आंगनबाड़ी भवन, झोपड़ी में पढ़ रहे बच्चे, पंडरूपारा के भवन में ठेकेदार का गोदाम

Dantewada Anganwadi Building : लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद पंडरूपारा के बच्चों को नसीब नहीं हुई छत, निर्माण अधूरा छोड़कर साधी चुप्पी, किराए की झोपड़ी में चल रहा केंद्र, तुलिका कर्मा ने उठाए सवाल।

अजय श्रीवास्तव, रोहित कुमार बंछोर

HIGHLIGHTS

  • नड़ेनार पंचायत के पंडरूपारा में तीन साल से आंगनबाड़ी भवन अधूरा।

  • किराए की झोपड़ीनुमा कमरे में संचालित हो रहा आंगनबाड़ी केंद्र।

  • बच्चों को बिजली, रोशनी और खेल सामग्री जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल रहीं।

  • बच्चों के लिए बने अधूरे भवन में ठेकेदार ने बनाया निर्माण सामग्री का गोदाम।

  • जिला पंचायत सदस्य तुलिका कर्मा ने अधिकारियों पर उठाए सवाल।

Chhattisgarh Dantewada Anganwadi Building : सरकारी योजनाओं में लाखों रुपये खर्च होने के दावों के बीच जमीनी हकीकत देखनी हो तो कटेकल्याण ब्लॉक के ग्राम पंचायत नड़ेनार स्थित पंडरूपारा पहुंच जाइए। यहां तीन साल पहले स्वीकृत आंगनबाड़ी भवन आज भी अधूरा पड़ा है।

जिन नौनिहालों के पोषण, शिक्षा और बेहतर भविष्य के लिए यह भवन बनाया जाना था, वे आज भी किराए की झोपड़ीनुमा कमरे में बैठकर पढ़ने को मजबूर हैं। विडंबना देखिए, बच्चों के लिए बना अधूरा भवन अब दूसरे ठेकेदार के निर्माण सामग्री रखने का गोदाम बन गया है।

तीन साल का लंबा वक्त गुजर गया, लेकिन आंगनबाड़ी भवन का निर्माण पूरा नहीं हो सका। लाखों रुपये की लागत से तैयार होने वाला यह भवन आखिर किस वजह से अधूरा रह गया, निर्माण की जिम्मेदारी किसकी थी और विभाग ने अब तक इसकी सुध क्यों नहीं ली? ये ऐसे सवाल हैं, जिनका जवाब ग्रामीणों को अब तक नहीं मिला है।

बच्चों का केंद्र झोपड़ी में, भवन बना गोदाम

पंडरूपारा में आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन जिस किराए के झोपड़ीनुमा कमरे में हो रहा है, वहां बच्चों के लिए जरूरी सुविधाओं का अभाव बताया जा रहा है। न पर्याप्त खेल सामग्री है, न बिजली और रोशनी की समुचित व्यवस्था। छोटे बच्चों को इसी अस्थायी जगह पर बैठकर प्रारंभिक शिक्षा और अन्य गतिविधियां करनी पड़ रही हैं।

दूसरी ओर, जिस पक्के भवन में बच्चों की किलकारियां गूंजनी चाहिए थीं, वहां सीमेंट, सरिया और दूसरी निर्माण सामग्री रखी जा रही है। यानी बच्चों के लिए स्वीकृत भवन का इस्तेमाल अब गोदाम के तौर पर हो रहा है। यह स्थिति निर्माण कार्य की गुणवत्ता और विभागीय निगरानी के साथ-साथ सरकारी धन के उपयोग पर भी सवाल खड़े कर रही है।

तीन साल बाद भी जवाबदेही तय क्यों नहीं?

आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों को बैठाने की जगह नहीं, बल्कि उनके पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और शारीरिक-मानसिक विकास का महत्वपूर्ण केंद्र होता है। यहां गर्भवती महिलाओं और माताओं को भी विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिलता है। ऐसे महत्वपूर्ण केंद्र का भवन वर्षों तक अधूरा रहना ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा रहा है।

सवाल यह भी है कि निर्माण के लिए राशि स्वीकृत होने के बाद काम समय पर पूरा कराने की जिम्मेदारी किसकी थी? यदि ठेकेदार ने काम अधूरा छोड़ दिया तो उसके खिलाफ क्या कार्रवाई हुई? और अब तक अधूरे भवन को दूसरे ठेकेदार के गोदाम के रूप में इस्तेमाल करने की अनुमति किसने दी?

तुलिका कर्मा ने अधिकारियों को घेरा

क्षेत्र की जिला पंचायत सदस्य एवं महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव तुलिका कर्मा ने इस मामले पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के पोषण और शिक्षा से जुड़ी योजना में इस तरह की लापरवाही दुर्भाग्यपूर्ण है। तीन साल बाद भी भवन का अधूरा रहना गंभीर विषय है।

उन्होंने मांग की कि तत्काल निर्माण कार्य पूरा कराया जाए और आंगनबाड़ी केंद्र को नए भवन में संचालित किया जाए, ताकि बच्चों को सुरक्षित और सुविधायुक्त वातावरण मिल सके।

अब सवाल सिर्फ अधूरे भवन का नहीं, बच्चों के हक का है। तीन साल तक नौनिहालों को झोपड़ी में बैठाने के बाद भी यदि जिम्मेदार विभाग की नींद नहीं टूटी है, तो सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर इस भवन को पूरा कराने के लिए और कितने साल इंतजार करना पड़ेगा?

Delimitation Bill Live: स्टालिन से मिले राहुल गांधी, मोदी सरकार का साथ नहीं छोड़ेगी DMK

India Bloc Sharad Pawar Meeting in Mumbai LIVE: स्टालिन के बाद शरद पवार को मनाने पहुंचेंगे राहुल गांधी

15 दिसंबर के बाद NDA में होंगे शरद पवार! शिंदे गुट के नेता बच्चू कडू का बड़ा दावा

स्टालिन से मिले इंडिया ब्लॉक के नेता, मोदी सरकार का साथ नहीं छोड़ेगी DMK; राहुल बोले परिसीमन तमिलनाडु के खिलाफ

शरद पवार की राष्ट्रवादी पर भाजपा की नजर? महाजन बोले- राजनीति में कुछ भी असंभव नहीं