चक्रवात अकवान के चलते रेलवे ने रद्द की 22 ट्रेनें।
घर से निकलने से पहले जरूर चेक करें अपनी ट्रेन।
बस्तर से ओडिशा और आंध्र जाने वाले यात्री होंगे परेशान।
दो दिनों तक नहीं चलेगी विशाखापत्तनम-किरंदुल एक्सप्रेस ट्रेन।
चक्रवात से निपटने के लिए रेलवे ने बनाए वॉर रूम।
South Coast Railway Cancelled Trains Today : चक्रवात अकवान के कारण भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका है। यात्री सुरक्षा को देखते हुए साउथ कोस्ट रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। रेलवे ने एहतियात के तौर पर कुल 22 ट्रेनें रद्द कर दी हैं। इसके साथ ही 22 अन्य ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है। एक ट्रेन को बदले हुए रूट से चलाने का निर्णय भी लिया गया है।
इस फैसले का सीधा असर बस्तर, ओडिशा और आंध्रप्रदेश के यात्रियों पर पड़ेगा। विशाखापत्तनम-किरंदुल एक्सप्रेस (18515) 19 और 20 नवंबर को रद्द रहेगी। वापसी में किरंदुल-विशाखापत्तनम एक्सप्रेस (18516) भी इन्हीं दो दिनों तक नहीं चलेगी। वहीं, जगदलपुर-भुवनेश्वर एक्सप्रेस (18448) 19 नवंबर को 8 घंटे देरी से चलेगी।
20 नवंबर को विशाखापत्तनम-गुनुपुर और गुनुपुर-विशाखापत्तनम ट्रेनें रद्द रहेंगी। विशाखापत्तनम-पलासा, पलासा-विशाखापत्तनम और भुवनेश्वर-विशाखापत्तनम वंदे भारत एक्सप्रेस भी नहीं चलेंगी। इसके अलावा भुवनेश्वर-विशाखापत्तनम इंटरसिटी और पुरी-यशवंतपुर गरीब रथ भी रद्द हैं। यशवंतपुर-पुरी गरीब रथ 21 नवंबर को नहीं चलेगी। कटक और ब्रह्मपुर की कुछ सेवाएं भी अलग-अलग तारीखों में रद्द रहेंगी।
लंबी दूरी की कई ट्रेनों को रीशेड्यूल किया गया है। हावड़ा-तिरुचिरापल्ली सुपरफास्ट 11 घंटे और विवेक एक्सप्रेस 9 घंटे देरी से चलेगी। गांधीधाम-पुरी एक्सप्रेस साढ़े आठ घंटे और एसएमवीटी बेंगलुरु-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस 8 घंटे देरी से रवाना होगी। भुवनेश्वर-केएसआर बेंगलुरु प्रशांति एक्सप्रेस 20 नवंबर को साढ़े छह घंटे लेट चलेगी। विशाखापत्तनम-अमृतसर हिराकुंड एक्सप्रेस (20807) 20 नवंबर को बदले रूट से चलेगी। यह ट्रेन विजयनगरम, रायगढ़ा, टिटलागढ़ और संबलपुर होकर जाएगी।
हालात से निपटने के लिए जोनल और मंडल मुख्यालयों में वॉर रूम बने हैं। महाप्रबंधक संदीप माथुर लगातार स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं। संवेदनशील पुलों, पटरियों और सिग्नल सिस्टम की निगरानी के लिए कर्मचारी तैनात हैं। सात प्रमुख स्टेशनों पर हेल्प डेस्क भी शुरू किए गए हैं। मेडिकल टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था तैयार है। रेलवे ने यात्रियों से घर से निकलने से पहले ट्रेन की स्थिति जांचने को कहा है।