हाथियों के हमले पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताई चिंता (सोर्स- सोशल मीडिया)
छत्तीसगढ़

गजराज के गुस्से से कांपा छत्तीसगढ़, 3 जिलों में हाथियों के आतंक पर CM विष्णुदेव साय ने जताई चिंता, कही ये बात

Chhattisgarh Elephant Attack: कवर्धा, कोरबा और सरगुजा से हर दिन हाथियों के हमले की खबरें आ रही है। इन घटनाओं पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने चिंता जताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।

चंदू निर्मलकर

HIGHLIGHTS

  • उत्तरी छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के जंगलों में कबरा हाथी ने मचाया आतंक।

  • कोरबा में एक उत्पाती हाथी ने ट्रैक्टर को तहन नहस कर दिया, हमले में एक घायल।

  • कवर्धा में कई घरों को तोड़ा, फसलों को पहुंचाया नुकसान, ग्रामीणों में जबरदस्त दहशत।

  • हाथियों के बढ़ते आतंक को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताई चिंता, अधिकारियों को दिए निर्देश।

Kawardha Korba Surguja Elephant Attack: छत्तीसगढ़ में गजराज का गुस्सा बढ़ते ही जा रहा है। कवर्धा, कोरबा और सरगुजा में उत्पाति हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया है। जिले के गांवों से लेकर जंगलों तक हर दिन हाथियों के हमले की खबरें आ रही है। इन घटनाओं ने सरकार की चिंता भी बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हाथी-मानव संघर्ष की स्थिति पर चिंता जताते हुए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए हैं।

बता दें कि सरगुजा में बीते 15 दिनों से लगातार वन विभाग की टीम हाथियों पर नजर बनाए रखी हुई है। घटनाएं कम नहीं हो रही है। वहीं 19 लोगों को मौत के घाट उतारने वाला कबरा हाथी सरगुजा के जंगलों में घूम रहा है। ऐसे में एक बार फिर अनहोनी को लेकर लोगों में दहशत का माहौल है।

कोरबा में ट्रैक्टर को सूंड से उठाकर पटका

जिले के कुदमुरा वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जिल्गा गांव के जंगल में 11 हाथियों के झुंड ने उत्पात मचाया। दल धरमजयगढ़ की सीमा पार कर जिल्गा के जंगल में आया था। वहीं धान की फसल को हाथियों से बचाने के लिए कुछ ग्रामीण ट्रैक्टर लेकर जंगल की ओर चले गए। ग्रामीण ट्रैक्टर की आवाज के जरिए हाथियों को जंगल से दूर भगाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों के बीच से अचानक एक हाथी बाहर निकला और सीधे ट्रैक्टर की ओर बढ़ने लगा।

हाथी के हमले का वीडियो वायरल

हाथी को अपनी ओर आता देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। अपनी जान बचाने के लिए सभी लोग ट्रैक्टर छोड़कर वहां से भाग निकले। इसके बाद हाथी ने ट्रैक्टर पर हमला कर दिया। उसने अपनी सूंड से ट्रैक्टर को उठाकर पटक दिया और फिर पैरों से उसे कुचलने लगा। हाथी के हमले से ट्रैक्टर के कई हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इस पूरी घटना को किसी ग्रामीण ने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

कबरा का आतंक थमा नहीं, सरगुजा में पहुंचे तीन हाथी दहशत में ग्रामीण

सरगुजा संभाग में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक तरफ 17 लोगों की जान लेने वाला कबरा हाथी अब रेडियो कॉलर आईडी के साथ दूसरे हाथियों के दल में शामिल होकर जंगलों में विचरण कर रहा है। तो दूसरी तरफ सरगुजा के बतौली में तीन हाथियों ने दस्तक देकर ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

हाथियों ने एक युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। वहीं पांच एकड़ में लगी करेले की फसल को भी बर्बाद कर दिया हाथियों को भगाने पहुंचे ग्रामीणों को भी हाथियों ने खेत में दौड़ा लिया। कई लोगों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। घटना का वीडियो भी सामने आया है जिसे देखकर पर कोई हैरान रह गया।

कवर्धा में हाथियों का खौफनाक उत्पात

कुकदुर क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों की चिंता बढ़ती जा रही है। जंगलों में विचरण कर रहे चार हाथियों के दल ने बीती रात ग्राम केसमरदा और भुरसीपकरी में घुसकर दो घरों में जमकर तोड़फोड़ की।

जिस समय बैगा परिवार घरों में सो रहे थे, तभी हाथियों के अचानक बस्ती में पहुंचने से अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण किसी तरह घरों से बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। हाथियों ने घरों में रखे खाद्य पदार्थों को भी खाकर बिखेर दिया और नुकसान पहुंचाया।

ड्रोन से निगरानी, सात गांवों में अलर्ट पर

वनमंडल कवर्धा के बोड़ला क्षेत्र और आसपास के जंगलों में हाथियों की गतिविधियों पर वन विभाग नजर रख रहा है। सोमवार सुबह तरेगांव परिक्षेत्र के दलदली सर्किल अंतर्गत मुकाम और दलदली बीट के वन क्षेत्र में चार हाथियों की मौजूदगी दर्ज की गई। उनका वर्तमान विचरण क्षेत्र रतनछापर बताया गया है।

इसके चलते सुखझर, दलदली, मुकाम, चेन्द्रादादर, धनवाही, कोयलारी और भूर्सीपकरी गांवों को अलर्ट पर रखा गया है। वन विभाग मैदानी अमले के साथ ड्रोन के माध्यम से भी हाथियों की लोकेशन और विचरण मार्ग की निगरानी कर रहा है।

दलदली और मुंडादादर सर्किल के निगरानी दलों द्वारा रात में गश्त की जा रही है। ग्रामीणों तक समय पर सूचना पहुंचाने के लिए कर्मचारियों को हाथियों की गतिविधियों की जानकारी नियमित साझा करने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों को भी सावधानी बरतने की जरुरत है। केवल वन विभाग के भरोसे बैठे रहना उचित नहीं है।

वन मार्गों पर आवागमन प्रतिबंधित

हाथियों की सुरक्षा और संभावित हमलों को देखते हुए बोड़ला क्षेत्र के बैरख, रानीदहरा, ढोलबज्जा, शक्तिपानी, आमानारा, पेंड्री और छिरपानी की ओर जाने वाले वन मार्गों पर एहतियातन आवागमन प्रतिबंधित किया गया है।

वन विभाग की ओर से आसपास के गांवों में मुनादी और समझाइश के जरिए लोगों को सतर्क किया जा रहा है। लगातार हो रही घटनाओं के बीच ग्रामीणों की सुरक्षा सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है। ऐसे में हाथियों की लोकेशन की जानकारी समय पर पहुंचाने के साथ ग्रामीणों का सतर्क रहना भी जरूरी है।

December Bank Holiday 2026: दिसंबर में कब-कब बंद रहेंगे बैंक; यहां देखें छुट्टियों की लिस्ट

दिल्ली दंगा साजिश केस: उमर खालिद और शरजील इमाम को सुप्रीम कोर्ट से नहीं मिली अंतरिम जमानत

भारत-बांग्लादेश के रिश्तों की अग्निपरीक्षा बनेगी गंगा जल संधि, 30 साल पुरानी डील खत्म होने से पहले बढ़ी हलचल

Explainer: बोतल का पानी कितना खतरनाक है? इसे पीने से कैंसर कैसे हो सकता है

एक क्लिक में तुरंत पढ़ें 25 नवंबर 2026 की 10 बड़ी खबरें; देश-दुनिया, खेल-मनोरंजन और भी बहुत कुछ है खास