कोरिया की पीएचई रिपोर्ट ने बढ़ाई चिंता (सोर्स- सोशल मीडिया)
छत्तीसगढ़

सरकारी आंकड़ों का दोहरा सच, केंद्र की रिपोर्ट में छत्तीसगढ़ नंबर-1, पर कोरिया की पीएचई रिपोर्ट ने बढ़ाई चिंता

Korea District Water Crisis: केंद्र सरकार के जल शक्ति मंत्रालय का डैशबोर्ड बताता है कि बारिश की बूंदों को सहेजने और भूजल स्तर सुधारने में छत्तीसगढ़ पूरे देश में अव्वल है।

जयदास मानिकपुरी, चंदू निर्मलकर

HIGHLIGHTS

  • RTI से मिले PHE विभाग के दस्तावेजों में बैकुण्ठपुर और सोनहत की 130 ग्राम पंचायतों के जलस्तर के आंकड़े दर्ज हैं।

  • बैकुण्ठपुर के छिनदिया में 2023 के 24 मीटर के मुकाबले 2026 में जलस्तर 60 मीटर तक पहुंचने का दावा किया गया है।

  • जगतपुर में भी 2023 के 21 मीटर से जलस्तर 2026 में 60 मीटर तक पहुंचने की जानकारी रिपोर्ट में दी गई है।

Chhattisgarh Groundwater Level: केंद्र सरकार के जल शक्ति मंत्रालय का डैशबोर्ड बताता है कि बारिश की बूंदों को सहेजने और भूजल स्तर सुधारने में छत्तीसगढ़ पूरे देश में अव्वल है। राज्य की राजधानी से लेकर दिल्ली तक इस उपलब्धि का डंका बज रहा है। लेकिन प्रदेश के उत्तरी छोर पर बसे कोरिया जिले के गांवों की पथरीली और प्यासी ज़मीन एक बिल्कुल अलग कहानी बयां कर रही है।

सूचना के अधिकार (RTI) के तहत लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग द्वारा जारी एक आधिकारिक दस्तावेज़ ने सरकारी दावों और ज़मीनी हकीकत के बीच की गहरी खाई को उजागर कर दिया है।

कोरिया जिले की 130 ग्राम पंचायतों के सरकारी बोरवेल और ट्यूबवेल के आँकड़े बताते हैं कि जिस दौर में जल संरक्षण के लाखों काम होने के दावे किए जा रहे थे ठीक उसी समय यहाँ का भूजल स्तर पाताल की ओर खिसकता चला गया।

क्या कहते हैं दोनों सरकारी दस्तावेज़?

केंद्र सरकार के जल संचय जन भागीदारी कैच द रेन (JSJB) अभियान के ताज़ा डैशबोर्ड पर नज़र डालें तो छत्तीसगढ़ साढ़े चार लाख से ज़्यादा पूर्ण कार्यों के साथ देश के शीर्ष राज्यों में शुमार है। पड़ोसी जिले सूरजपुर और बलरामपुर-रामानुजगंज तो पूरे देश में पहले और दूसरे पायदान पर खड़े हैं।

लेकिन बैकुण्ठपुर पीएचई विभाग से मिली 15 पन्नों की सत्यापित रिपोर्ट इस चमकदार तस्वीर के पीछे का स्याह सच दिखाती है।

यह रिपोर्ट बताती है कि बैकुण्ठपुर जनपद की 88 और सोनहत जनपद की 42 ग्राम पंचायतों में साल 2023 से 2026 के बीच पानी की गहराई कम होने के बजाय लगातार बढ़ी है।

एक ही साल में 30 मीटर तक नीचे खिसका पानी

पीएचई विभाग का यह डेटा ग्राम पंचायतों की दीवारों पर लेखन हेतु प्रपत्र का हिस्सा है जिसे सहायक अभियंता और कार्यपालन अभियंता ने सत्यापित किया है। इस दस्तावेज़ के आँकड़े चौंकाने वाले हैं खासकर बैकुण्ठपुर ब्लॉक के गांवों में स्थिति बेहद चिंताजनक नज़र आती है।

केंद्र की रिपोर्ट में छत्तीसगढ़ नंबर-1

बैकुण्ठपुर जनपद की ग्राम पंचायत छिनदिया में साल 2023 की गर्मियों (मानसून पूर्व) में भूजल स्तर 24 मीटर पर था। 2025 में यह 27 मीटर तक गया, लेकिन 2026 की गर्मी आते-आते पानी सीधे 60 मीटर की गहराई पर जा पहुंचा। यही हाल जगतपुर का है जहाँ 2023 में 21 मीटर पर मिलने वाला पानी 2026 में 60 मीटर नीचे चला गया।

वही गोल्हाघाट और जामपारा इन दोनों पंचायतों में 2023 में बोरवेल का जलस्तर 20 मीटर पर था। तीन साल के भीतर यह 30 मीटर नीचे खिसक कर 50 मीटर पर पहुंच गया है।

इसके अलावा हम बात करे कुदेली पंचायत में 2025 तक पानी 18 मीटर पर था जो 2026 में सीधे 40 मीटर नीचे चला गया। चरवापारा, केनापारा, रतगा और उमझर जैसे गांवों में भी पानी अब 45 मीटर की गहराई पर मिल रहा है।

सोनहत जनपद पंचायत की तस्वीर बैकुण्ठपुर के मुकाबले थोड़ी बेहतर ज़रूर दिखती है लेकिन गिरावट का सिलसिला वहाँ भी थमा नहीं है। सोनहत के दामूज और कटगोड़ी में जलस्तर 36 मीटर, नौगई में 35 मीटर और मझारटोला में 30 मीटर तक पहुंच चुका है। सुन्दरपुर में 2023 में जो पानी 17 मीटर पर उपलब्ध था वह 2026 में 25 मीटर नीचे चला गया है।

मानसून का मरहम भी पड़ नाकाफी

अमूमन यह माना जाता है कि बारिश के बाद ज़मीन की कोख फिर से भर जाती है। पीएचई की रिपोर्ट में मानसून के बाद (Post-monsoon) के आँकड़े भी दर्ज हैं। 2023 से 2025 के बीच के रिकॉर्ड बताते हैं कि बारिश के दिनों में जलस्तर कुछ मीटर ऊपर ज़रूर उठता है लेकिन अगली गर्मी आने तक वह पिछले साल के मुकाबले और ज़्यादा नीचे गिर जाता है।

मिसाल के तौर पर बैकुण्ठपुर के खरवत गांव में 2023 की बारिश के बाद पानी 27 मीटर पर था जो 2025 की बारिश के बाद 34 मीटर पर आ गया और 2026 की गर्मी में 50 मीटर तक जा धंसा।

कहाँ गया जल संचय का असर?

कोरिया जिले के ये दोनों सरकारी पहलू प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं। पहला जब पड़ोसी जिला सूरजपुर जल संचय के कामों में देश में नंबर-एक बन सकता है तो ठीक बगल का कोरिया जिला इस सूची में पिछड़ क्यों गया? दूसरा छत्तीसगढ़ में जल संरक्षण की जो लाखों संरचनाएं जैसे सोखता गड्ढे, रिचार्ज शाफ्ट और अमृत सरोवर बनाने के दावे किए जा रहे हैं।

उनका असर ज़मीन के भीतर क्यों नहीं दिख रहा है? विभाग के ही दो अलग-अलग आँकड़े इस बात की गवाही दे रहे हैं कि कागज़ों पर पानी सहेजने के रिकॉर्ड भले ही बन रहे हों लेकिन कोरिया के ग्रामीणों की प्यास बुझाने वाले बोरवेल हर साल गहरे होते जा रहे हैं।

ट्रेन में अब नहीं मिलेगी पहले जैसी खाने की थाली, 8-10 की जगह परोसेंगे सिर्फ 4 आइटम; जानें नया मेन्यू

महिला कलेक्टर से कथित दुर्व्यवहार, TVK विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग; DMK सांसद ने उठाया CM विजय पर सवाल

PM मोदी ने किस व्यक्ति की फोटो नेपाल के प्रधानमंत्री को दी? जिससे वो भावुक हो गए

यूपी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस को दिया मात्र 26 सीटों का ऑफर, इमरान मसूद भड़के; कहा- भीख नहीं मांग रहा

Bisleri का पानी ही जांच में फंसा तो लोकल बोतलों का क्या भरोसा? अवैध प्लांट में तैयार हो रहा सेहत का खतरा