Private Plane Crash: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सोमवार को प्लेन क्रैश हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरा पहाड़ियों में एक प्राइवेट प्लेन क्रैश हो गया। ग्रामीणों के मुताबिक, यह चार्टर्ड प्लेन जशपुर के नारायणपुर क्षेत्र के रतनपहली जंगल में पेड़ों से टकरा गया और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद पहाड़ी के उस क्षेत्र में आग लग गई और आसमान में काले धुंए का गुबार उठा।
प्लेन क्रैश इतना भयावह था कि किसी के बचने की संभावना कम दिखाई दे रही है। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंची। फिलहाल, इस बात का पता नहीं लग पाया है कि प्लेन में कितने लोग सवार थे। पुलिस की जांच जारी है।
जशपुर की पहाड़ियों पर हुए इस प्लेन क्रैश (Plane Crash) पर छत्तीसगढ़ के पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने दुख जताया। उन्होंने घटना का वीडियो एक्स पर शेयर करते हुए लिखा, "चार्टर्ड विमान दुर्घटना की खबर अत्यंत हृदयविदारक और चिंताजनक है। यह केवल एक घटना मात्र नहीं है; बल्कि यह कई परिवारों की आशाओं और भावनाओं से जुड़ा एक मामला है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि सभी लोग सुरक्षित रहें। मैं प्रशासन से आग्रह करता हूँ कि वे राहत और बचाव कार्यों में पूरी तत्परता से जुट जाएं, ताकि हर ज़रूरतमंद व्यक्ति तक समय पर मदद पहुंच सके।"
यह भी पढ़ें - Breaking News: उद्घाटन से पहले ही राजस्थान के पचपदरा रिफाइनरी में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी
बता दें, कि यह पहला प्लेन क्रैश (Plane Crash) नहीं है। इससे पहले भी महाराष्ट्र के पुणे में बारामती एयरपोर्ट पर 28 जनवरी को एक चार्टेड प्लेन क्रैश हो गया था। इस हादसे में महाराष्ट्र के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार समेत 5 लोगों की मौत हो गई थी। इसमें तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार, दो पायलट, फ्लाइट अटेंडेंट व अजित पवार के निजी सुरक्षा अधिकारी शामिल थे।