बिलासपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में रावण दहन कार्यक्रम में हादसा।
राकेट की चपेट में आने से दो पत्रकार झुलसे।
आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल।
बाल-बाल बचे विधायक, महापौर और अन्य नेता।
Accident in Bilaspur Ravan Dahan: न्यायधानी बिलासपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में विजयादशमी पर आयोजित रावण दहन कार्यक्रम उस समय अफरा-तफरी में बदल गया, जब रिमोट कंट्रोल से दहन शुरू होते ही जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके के साथ उठे धुएं और आतिशबाजी के बीच मंच के आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। कार्यक्रम की कवरेज कर रहे दो पत्रकार इसकी चपेट में आकर मामूली रूप से झुलस गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों की हालत सामान्य है।
घटना के दौरान मंच पर बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, महापौर पूजा विधानी समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे। रावण दहन शुरू होते ही हुए विस्फोट ने आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। राहत की बात रही कि मंच पर मौजूद अतिथियों को गंभीर चोट नहीं आई। हालांकि, धमाके के बाद कुछ देर तक आयोजन स्थल पर हड़कंप की स्थिति बनी रही। अन्य लोगों के घायल होने की सूचना भी सामने आई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस परेड ग्राउंड में रावण दहन के दौरान आतिशबाजी से जुड़ी घटना पहले भी सामने आने की बात कही जा रही है। बताया जाता है कि दो-तीन साल पहले आतिशबाजी के लिए मंच पर बांधा गया तार नीचे गिर गया था। उस समय मंच पर मौजूद अतिथि और अन्य लोग बाल-बाल बचे थे। अब एक बार फिर विस्फोट की घटना ने पुराने हादसे से सबक लेने और सुरक्षा इंतजामों की गंभीरता से समीक्षा करने की जरूरत उजागर कर दी है।
सार्वजनिक आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के बीच हुए इस हादसे के बाद आतिशबाजी के संचालन, तकनीकी जांच और सुरक्षित दूरी के इंतजामों पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों ने विस्फोट के कारणों की निष्पक्ष जांच और लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, विस्फोट की असल वजह स्पष्ट नहीं है। जांच के बाद ही पता चलेगा कि हादसा तकनीकी खराबी से हुआ या सुरक्षा व्यवस्था में किसी चूक के कारण।