HIGHLIGHTS
स्वच्छता के क्षेत्र में बिलासपुर को दूसरी रैंकिंग मिली है।
अरपा नदी की तस्वीर कुछ और ही कर रही बयां।
नदी के आसपास रहने वाले लोगों को दुर्गंध से हो रही समस्या।
जमीनी स्तर पर खास बदलाव का नहीं आया नजर।
Chhattisgarh Bilaspur News : शहर को स्वच्छता के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर दूसरी रैंकिंग मिली है। अरपा रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में मिली इस उपलब्धि को नगर निगम बड़ी सफलता के रूप में पेश कर रहा है।
लेकिन शहर को मिले इस सम्मान के बीच अरपा नदी की तस्वीर कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। नदी में जगह-जगह कचरा और नालों का गंदा पानी मिलने से स्वच्छता के दावों पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने के बाद भी अरपा नदी की बदहाली दूर नहीं हो पाई है। नदी के अलग-अलग हिस्सों में कचरा जमा है, वहीं कई स्थानों पर नालों का दूषित पानी सीधे नदी में गिर रहा है। इससे नदी का पानी प्रदूषित हो रहा है और आसपास रहने वाले लोगों को दुर्गंध जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अरपा को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए समय-समय पर योजनाएं और अभियान चलाए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर तस्वीर में खास बदलाव नजर नहीं आता। यदि नदी में लगातार गंदे नालों का पानी पहुंचता रहेगा, तो सफाई अभियान का स्थायी असर कैसे दिखाई देगा?
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस अरपा रिवर फ्रंट को राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान मिला, उसकी वास्तविक स्थिति सुधारने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं? क्या नगर निगम केवल रैंकिंग और सम्मान तक सीमित रहेगा या नदी में गिरने वाले गंदे पानी और कचरे पर भी प्रभावी रोक लगाएगा?