चलती इंटरसिटी एक्सप्रेस में मोबाइल लूटने की कोशिश।
विरोध करने पर 25 वर्षीय यात्री पर किया हमला।
एक ने थप्पड़ मारा तो दूसरे ने डंडे से किया वार।
ट्रेन से नीचे गिरकर घायल यात्री की अस्पताल में मौत।
खुर्सीपार पुलिस ने दो नाबालिगों को पकड़ा।
Chhattisgarh Bhilai Crime News : चलती ट्रेन में यात्रियों के मोबाइल लूटने की कोशिश अब जानलेवा वारदात में बदल गई। खुर्सीपार के शिवाजीनगर रेलवे ट्रैक के पास इंटरसिटी एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक 25 वर्षीय यात्री से मोबाइल छीनने की कोशिश के दौरान दो नाबालिगों ने उस पर हमला कर दिया। एक ने थप्पड़ मारा तो दूसरे ने डंडे से वार किया।
हमले से यात्री ट्रेन से नीचे जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सुपेला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में खुर्सीपार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में ले लिया है।
पुलिस के मुताबिक घटना 27 नवंबर 2026 को सुबह करीब 11:45 बजे की है। इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन क्रमांक 12856 शिवाजीनगर रेलवे लाइन के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान ट्रेन में सफर कर रहे मोहम्मद फैजान उर्फ सोनू 25 वर्ष, निवासी ग्राम सुरजी, जिला अमरावती, महाराष्ट्र को निशाना बनाया गया। मोबाइल छीनने के प्रयास के दौरान दोनों ने यात्री के साथ मारपीट की। एक ने हाथ से थप्पड़ मारा, जबकि दूसरे ने डंडे से हमला कर दिया। इस दौरान यात्री मोबाइल सहित चलती ट्रेन से नीचे गिर पड़ा।
प्रारंभिक पुलिस जांच में वारदात का तरीका भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार दोनों बालक रेलवे ट्रैक के किनारे खड़े होकर गुजरती ट्रेनों में सफर कर रहे यात्रियों को निशाना बनाते थे। खासकर खिड़की के पास बैठे यात्रियों के मोबाइल छीनने की कोशिश करते थे। इसी दौरान विरोध या छीना-झपटी के बीच यात्रियों के साथ मारपीट की जाती थी। 27 नवंबर को भी इसी तरीके से मोबाइल लूटने की कोशिश की गई, लेकिन इस बार वारदात में यात्री की जान चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही खुर्सीपार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाते हुए जांच शुरू की। तकनीकी एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों विधि से संघर्षरत बालकों की पहचान कर उन्हें अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 309(4), 309(6) और 3(5) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया है। दोनों के विरुद्ध किशोर न्याय से संबंधित प्रावधानों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।