

Highlights:
रेल मंत्रालय ने भुसावल-नागपुर-भुसावल नई सीधी रेल सेवा को मंजूरी दी।
नई ट्रेन का परिचालन 11111/11112 नंबर से किया जाएगा।
ट्रेन पांढुर्णा और इटारसी होकर चलेगी।
कोविड-19 महामारी के दौरान वर्ष 2020 में दादाधाम इंटरसिटी एक्सप्रेस का परिचालन बंद कर दिया गया था।
Nagpur Bhusawal Express: कोविड-19 महामारी के बाद से बंद पड़ी बहुप्रतीक्षित ट्रेन 22112/22111 नागपुर-भुसावल-नागपुर दादाधाम इंटरसिटी एक्सप्रेस को लेकर चल रहे वर्षों लंबे जन आंदोलन और मांगों के बाद आखिरकार रेल मंत्रालय ने इस रूट पर नई सीधी रेल सेवा को हरी झंडी दे दी है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सभी स्थानीय सांसदों को लिखे एक आधिकारिक पत्र के माध्यम से इस निर्णय की पुष्टि की।
रेल मंत्री वैष्णव ने पत्र में सूचित किया कि जनसुविधा और क्षेत्रीय संपर्क को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से भुसावल-नागपुर-भुसावल एक्सप्रेस (वाया पांडुरना, इटारसी) के परिचालन को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। हालांकि अब यह ट्रेन नये नंबर 11111/11112 के साथ परिचालित होगी। उल्लेखनीय है कि 'नवभारत' द्वारा भी कोविड काल के बाद से ही लाखों यात्रियों की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए दादाधाम इंटरसिटी को दोबारा शुरू करने की लगातार मांग की जा रही थी।
ट्रेन: 22111/22112
परिचालन : त्रि-साप्ताहिक
नागपुर से सोम, गुरु, शनि.
भुसावल सेः रवि., बुध, शुक्र,
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2020 में कोरोना काल के दौरान रेलवे ने 'जीरो बेस्ड टाइम टेबल' के तहत नागपुर से इटारसी और खंडवा होते हुए भुसावल जाने वाली एकमात्र दिन की ट्रेन 22111/22112 दादाधाम इंटरसिटी एक्सप्रेस का परिचालन बंद कर दिया था। लॉकडाउन हटने के बाद कई स्टेशनों पर स्टापेज की छंटनी के साथ ट्रेनों पर भी जमकर कैंची चलाई गई थी। इनमें ही ट्रेन 22111/22112 दादाधाम इंटरसिटी भी शामिल थी।
नागपुर ही नहीं, विदर्भ के भंडारा, गोंदिया, तुमसर, वर्धा, चंद्रपुर, बल्लारशाह आदि जिलों को भी संत धूनिवाले के समाधि स्थल दादाधाम से सीधे जोड़ने वाली इस एकमात्र ट्रेन को कम ऑक्यूपेंसी (यात्री संख्या) बताकर हमेशा के लिए बंद कर दिया गया था। विशेषकर गुरु पूर्णिमा और अन्य पों पर खंडवा स्थित दादाधाम जाने वाले लाखों श्रद्धालुओं के अलावा पांढुरना, बैतूल, इटारसी, हरदा आदि जिलों के लाखों मरीजों व सामान्य यात्रियों के लिए यह सबसे बेहद सुलभ और किफायती साधन थी।
मध्य रेल नागपुर मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य मंडल प्रबंधक अमन मितल ने कहा कि अभी मंडल को इस बारे में रेलवे बोर्ड की और से कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। सूचना मिलते ही अधिक जानकारी दी जा सकेगी।
ज्ञात हो कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से भी दादाधाम इंटरसिटी को दोबारा शुरू करवाने लिए विभिन्न व्यापारिक व रेल संगठनों ने ज्ञापन सौंपे थे। गडकरी ने भी रेल मंत्रालय को पत्र लिखकर इस ट्रेन को दोबारा शुरू करने की मांग की थी। इतना ही नहीं, संसद में भी रेल मंत्री वैष्णव से इस उपयोगी ट्रेन को बंद करने के कारणों और दोबारा शुरू करने की संभावनाओं के विषय में प्रश्नोत्तर किए गए थे।
पिछले 4 वर्षों में यह मुद्दा लगातार सुर्खियों में रहा। रेलवे द्वारा पुरानी दादाधाम एक्सप्रेस का नंबर 22111/22112 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-अयोध्या कैट अमृत भारत एक्सप्रेस को आवंटित कर दिए जाने के बाद यात्रियों में भारी निराशा व्याप्त हो गई थी। हालांकि जनप्रतिनिधियों और समाचार पत्रों द्वारा दादा धुनिवाले के लाखों अनुयायियों और यात्रियों की माग को स्वीकार करते हुए रेल मंत्री वैष्णव ने नये नंबर के साथ दादाघाम इंटरसिटी को दोबारा शुरू करने की माग पर हामी भी भर दी।