19 और 20 नवंबर को अप-डाउन दोनों ट्रेनें नहीं चलेंगी।
तूफान की आहट से रेलवे प्रशासन हुआ अलर्ट।
किरंदुल से विशाखापट्टनम तक रेल यात्रियों की बढ़ेगी मुश्किल।
दो दिनों तक रहेगा चक्रवात का असर, भारी बारिश की चेतावनी।
Trains Cancelled In Bastar Due To Cyclone Akvan: चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ की आहट से बस्तर की रेल कनेक्टिविटी प्रभावित होने जा रही है। तूफान के संभावित असर को देखते हुए रेलवे ने सुरक्षा के मद्देनजर विशाखापट्टनम-किरंदुल रेललाइन पर चलने वाली दोनों दिशाओं की एक्सप्रेस ट्रेनों को दो दिनों के लिए रद्द कर दिया है। इसका सीधा असर किरंदुल, बचेली, दंतेवाड़ा और जगदलपुर से विशाखापट्टनम की यात्रा करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा।
रेलवे की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, ट्रेन नंबर 18515 विशाखापट्टनम-किरंदुल एक्सप्रेस 19 और 20 नवंबर को विशाखापट्टनम से रवाना नहीं होगी। वहीं, वापसी में ट्रेन नंबर 18516 किरंदुल-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस भी 19 और 20 नवंबर को किरंदुल से संचालित नहीं की जाएगी।
तूफान के संभावित प्रभाव को देखते हुए रेलवे ने पहले ही ट्रेनों के संचालन पर रोक लगाने का फैसला किया है। ऐसे में लगातार दो दिनों तक इस रेलखंड पर दोनों दिशाओं में एक्सप्रेस सेवा उपलब्ध नहीं रहेगी। बस्तर के यात्रियों के लिए विशाखापट्टनम इलाज, व्यापार, शिक्षा और अन्य जरूरी कामों के लिहाज से महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे में ट्रेन रद्द होने से यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बदलनी पड़ सकती है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि स्टेशन पहुंचने से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 20 और 21 नवंबर को बारिश का दौर जारी रहेगा। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। फिलहाल अगले 24 घंटों के लिए राज्य में कोई बड़ी चेतावनी जारी नहीं हुई है।
दक्षिण बंगाल की खाड़ी में बना यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। अनुमान है कि 20 नवंबर की दोपहर यह आंध्र प्रदेश के तट से टकराएगा। तूफान का केंद्र नेल्लोर और विशाखापट्टनम के बीच होने की संभावना है।
तट से टकराते समय हवा की गति 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे रहेगी। इस दौरान हवा के झोंकों की रफ्तार 145 किलोमीटर तक भी पहुंच सकती है। इसी समुद्री हलचल की वजह से छत्तीसगढ़ में नमी वाली हवाएं पहुंच रही हैं।