

वडनगर स्टेशन आधुनिक सुविधाओं से लैस, महेसाणा-वरेठा रेलखंड पर ₹367.80 करोड़ खर्च।
3,050 करोड़ की तारंगाहिल-अंबाजी-आबू रोड रेल परियोजना पर काम जारी।
नई रेल कनेक्टिविटी से धार्मिक पर्यटन, स्थानीय व्यापार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा।
Vadnagar Railway Station Modern Facilities Gujarat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृह नगर वडनगर का रेलवे स्टेशन आज अपनी ऐतिहासिक विरासत और आधुनिक रेल सुविधाओं के संगम के रूप में नई पहचान बना रहा है।
पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल द्वारा स्टेशन को अत्याधुनिक यात्री सुविधाओं से सुसज्जित करने के साथ उत्तर गुजरात की रेल कनेक्टिविटी को विस्तार दिया जा रहा है। आने वाले समय में तारंगाहिल-अंबाजी-आबू रोड नई रेल लाइन परियोजना इस क्षेत्र को धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से देश के प्रमुख रेल नेटवर्क से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
महेसाणा-वरेठा के 55 किलोमीटर लंबे रेलखंड का 293.14 करोड़ की लागत से गेज परिवर्तन तथा ₹74.66 करोड़ की लागत से विद्युतीकरण किया गया। इस परियोजना पर कुल ₹367.80 करोड़ खर्च हुए हैं । रेलखंड पर कुल 10 स्टेशन हैं। वडनगर, विसनगर, खेरालू और वरेठा में नए स्टेशन भवन विकसित किए गए हैं।
इसके जरिए वडनगर अहमदाबाद-दिल्ली ब्रॉडगेज नेटवर्क से जुड़ गया है। वर्तमान में यहां से तीन जोड़ी ट्रेनें वरेठा-गांधीनगर कैपिटल मेमू, वडनगर-वलसाड सुपरफास्ट और वडनगर-बांद्रा टर्मिनस लोकशक्ति एक्सप्रेस संचालित हो रही हैं।
क्षेत्र के लिए सबसे महत्वपूर्ण परियोजना लगभग 117 किमी लंबी तारंगाहिल -अंबाजी-आबू रोड नई रेल लाइन है। वर्ष 2022-23 में लगभग 3,000 करोड़ रुपए की स्वीकृत लागत से मंजूर इस परियोजना की संशोधित लागत करीब ₹3,050 करोड़ हो गई है। इसके तहत 15 स्टेशन, 11 सुरंगें, 54 बड़े और 151 छोटे पुलों का निर्माण प्रस्तावित है। भूमि अधिग्रहण पूरा होने के बाद निर्माण कार्य प्रगति पर हैं। यह रेलमार्ग पूर्ण विद्युतीकृत होगा।
इस परियोजना से अंबाजी शक्तिपीठ, तारंगाहिल के जैन तीर्थस्थल, माउंट आबू और दिलवाड़ा जैन मंदिर जैसे प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन केंद्रों को रेल सुविधा का लाभ मिलेगा। वरेठा से अंबाजी तक प्रस्तावित कनेक्टिविटी भी भविष्य में इस क्षेत्र के नेटवर्क विस्तार की संभावनाएं बढ़ाएगी।
पीएम मोदी के गृह जिले के वडनगर स्टेशन की वास्तुकला में शहर की ऐतिहासिक पहचान को विशेष स्थान दिया गया है। पत्थरों की आकर्षक नक्काशी, भव्य प्रवेश द्वार और लैंडस्केपिंग स्टेशन को विशिष्ट स्वरूप देते हैं।
यात्रियों के लिए 425 मीटर लंबे दो प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज, लिफ्ट, कैफे, प्रतीक्षालय, शौचालय, पेयजल और प्लेटफॉर्म कवर शेड जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। दिव्यांग यात्रियों के लिए भी आवश्यक सुविधाएं विकसित की गई हैं।
वडनगर में पिछले दिनों आयोजित स्वदेशी मेला-2026 के दौरान लगभग 6,000 यात्रियों ने रेलवे स्टेशन से रेल यात्रा की। इससे स्थानीय मेलों, सांस्कृतिक गतिविधियों, हस्तशिल्प, हथकरघा और ग्रामीण महिला उद्यमियों के उत्पादों को प्रोत्साहन देने में रेल कनेक्टिविटी की उपयोगिता सामने आई।
बेहतर रेल संपर्क से श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने के साथ स्थानीय व्यापार, कृषि उत्पादों, हस्तशिल्प, लघु उद्योगों और रोजगार को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। इस तरह वडनगर अपनी ऐतिहासिक पहचान को बरकरार रखते हुए आधुनिक भारत के रेल एवं पर्यटन मानचित्र पर एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभर रहा है।