जगदलपुर नगरनार स्टील प्लांट सोर्स— नवभारत लाइव
बस्तर

NMDC में मंगल साय की मौत पर नहीं बनी सहमति, परिवार ने मांगा 1 करोड़ मुआवजा और स्थायी नौकरी

Nagarnar Steel Plant : पत्नी का दावा- समझौते में नहीं थी शामिल, टूटीदेवड़ा पहुंचे नवनीत चाँद, 16 राष्ट्रीय सुरक्षा पुरस्कार पाने वाले नगरनार स्टील प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल।

अजय श्रीवास्तव, रोहित कुमार बंछोर

HIGHLIGHTS

  • मंगल साय की मौत पर परिवार समझौते को तैयार नहीं।

  • एक करोड़ रुपये मुआवजा और स्थायी नौकरी की मांग।

  • हादसे की स्वतंत्र SIT जांच की मांग उठी।

  • CCTV, PLC/SCADA डेटा और सुरक्षा रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की मांग।

  • 16 राष्ट्रीय सुरक्षा पुरस्कारों के बावजूद प्लांट की सुरक्षा पर सवाल।

Jagdalpur Nagarnar Steel Plant : 16 राष्ट्रीय सुरक्षा पुरस्कारों से सम्मानित नगरनार स्टील प्लांट में आखिर श्रमिकों की सुरक्षा कितनी पुख्ता है? 10 नवंबर को हॉट मेटल हादसे में ऑपरेटर मंगल साय की मौत के बाद अब एक नया विवाद सामने आया है। मृतक के परिवार ने समझौते को स्वीकार करने से इनकार कर दिया है।

मृतक की पत्नी का कहना है कि वह किसी समझौते में शामिल नहीं थीं। परिवार ने अब एक करोड़ रुपये मुआवजा, एक सदस्य को स्थायी नौकरी और पूरे हादसे की स्वतंत्र SIT जांच की मांग उठाई है। इससे हादसे के बाद हुई समझौता प्रक्रिया भी सवालों के घेरे में आ गई है।

मामले को लेकर बस्तर अधिकार मुक्ति मोर्चा एवं जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश उपाध्यक्ष नवनीत चाँद के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल बकावंड ब्लॉक के ग्राम टूटीदेवड़ा पहुंचा। यहां मृतक के परिजनों से मुलाकात कर घटना पर संवेदना जताई गई। प्रतिनिधिमंडल ने परिवार का पक्ष सुनने के बाद स्पष्ट किया कि जब मृतक की पत्नी ही समझौते में शामिल होने से इनकार कर रही हैं, तो इस पूरी प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

अब सात सवालों के घेरे में हादसे की पूरी कहानी

परिवार और संगठन ने इस मामले में सात प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा और एक योग्य सदस्य को एनएमडीसी में स्थायी नौकरी देने की मांग सबसे प्रमुख है। इसके अलावा हादसे की स्वतंत्र जांच के लिए उच्चस्तरीय SIT गठित करने की मांग की गई है।

जांच में किसी तरह की गड़बड़ी या साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ की आशंका को देखते हुए घटनास्थल के CCTV फुटेज, PLC/SCADA डेटा, क्रेन लॉग, मशीनरी और ड्यूटी रिकॉर्ड तत्काल सुरक्षित रखने की मांग की गई है। साथ ही वर्ष 2021 से 2026 तक के सुरक्षा ऑडिट, SOP, वर्क परमिट और ऑपरेटर प्रशिक्षण के दस्तावेजों की जांच कराने की मांग भी उठाई गई है। संगठन ने हादसे में लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तथा समझौते की पूरी प्रक्रिया की जांच की मांग की है।

16 सुरक्षा पुरस्कार, फिर भी ऑपरेटर की जान क्यों गई?

इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल नगरनार स्टील प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर है। संयंत्र को 16 राष्ट्रीय सुरक्षा पुरस्कार मिलने के बावजूद एक ऑपरेटर की हादसे में मौत ने सुरक्षा दावों और जमीनी हकीकत के बीच अंतर को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या सुरक्षा मानकों का नियमित पालन हो रहा था? क्या ऑपरेटरों को पर्याप्त प्रशिक्षण और सुरक्षित कार्य परिस्थितियां उपलब्ध थीं? क्या पिछले वर्षों के सुरक्षा ऑडिट में किसी कमी की ओर इशारा किया गया था? इन सवालों का जवाब अब स्वतंत्र जांच से ही सामने आ सकता है।

नवनीत चाँद ने कहा कि मंगल साय के परिवार का दुख केवल एक परिवार का मामला नहीं है, बल्कि औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है।

अब प्रबंधन और प्रशासन के जवाब का इंतजार

मंगल साय की मौत के बाद परिवार की मांगों और समझौते को लेकर उठे सवालों ने मामले को नया मोड़ दे दिया है। अब निगाहें एनएमडीसी प्रबंधन और जिला प्रशासन पर हैं कि वे परिवार की मांगों पर क्या रुख अपनाते हैं। फिलहाल परिवार न्याय और जवाबदेही की मांग पर अड़ा है। प्रतिनिधिमंडल में संभागीय सचिव नीलाम्बर भद्रे, चित्रकोट विधानसभा अध्यक्ष कमल बघेल, जगदलपुर कार्यकारी अध्यक्ष ओम मरकाम, बस्तर ग्रामीण जिला अध्यक्ष संतु कश्यप और ओम प्रकाश रजक सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Chhath Puja 2026 Live Updates: आज अस्ताचलगामी सूर्य को दिया गया अर्घ्य, घाटों पर उमड़े श्रद्धालु

Kal Ka Mausam: 16 नवंबर को कहां होगी बारिश और कहां छाएगा कोहरा? IMD ने जारी किया अलर्ट

PM मोदी ने याद किए महाराष्ट्र के तीन आदिवासी वीर, जानिए राघोजी भांगरे, भागोजी नाईक और बाबूराव शेडमाके की कहानी

हिल काउंसिल चुनाव का विरोध पड़ा भारी? सोनम वांगचुक 60 दिनों के लिए हाउस अरेस्ट, जाने क्या है पूरा मामला

श्रीगंगानगर ब्लास्ट: प्यार और पैसों के जाल में फंसाकर ISI ने रची रेलवे ट्रैक उड़ाने की साजिश, दो गिरफ्तार