NMDC की भर्ती परीक्षा में देरी से युवाओं में आक्रोश।
युवाओं ने प्रबंधन को दिया 10 दिन का अल्टीमेटम।
बचेली और किरंदुल चेकपोस्ट पर अनिश्चितकालीन धरना।
17 नवंबर को भांसी में आंदोलन की रणनीति होगी तय।
NMDC में रोजगार को प्राथमिकता देने की उठाई मांग।
Jagdalpur-Bacheli Employment Movement : बैलाडीला की खदानों से निकलने वाले लौह अयस्क से देश के उद्योगों को रफ्तार देने वाले एनएमडीसी के सामने अब स्थानीय बेरोजगार युवाओं का आक्रोश चुनौती बनकर खड़ा हो रहा है। भर्ती की उम्मीद में लंबे समय से इंतजार कर रहे युवाओं का सब्र अब जवाब देने लगा है। रविवार को बचेली के हॉकी ग्राउंड में एनएमडीसी की सद्भावना क्रिकेट प्रतियोगिता के बीच ही बेरोजगारी का मुद्दा गरमा गया।
14 ग्राम पंचायतों के युवाओं और जनप्रतिनिधियों ने प्रतियोगिता रोककर बैठक की और प्रबंधन को साफ चेतावनी दे दी कि अगले 10 दिनों में एल-1 और एल-2 भर्ती परीक्षा की तारीख घोषित नहीं हुई तो बचेली और किरंदुल चेकपोस्ट पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।
15 नवंबर को आयोजित इस बैठक में बड़ी संख्या में बेरोजगार युवा और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। युवाओं का आरोप है कि एनएमडीसी की एल-1 और एल-2 भर्ती प्रक्रिया लंबे समय से अटकी हुई है। आवेदन करने के बाद भी परीक्षा की तारीख घोषित नहीं की जा रही है। बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद भर्ती प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ने से अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
बैठक में युवाओं ने कहा कि भर्ती में देरी का सीधा असर उनके भविष्य पर पड़ रहा है। कई अभ्यर्थियों की उम्र निकलती जा रही है और वे इस चिंता में हैं कि यदि प्रक्रिया और लंबी खिंची तो नौकरी पाने का अवसर ही हाथ से निकल सकता है।
बैठक में युवाओं ने एनएमडीसी प्रबंधन को 10 दिनों की मोहलत देने का निर्णय लिया। उनकी मांग है कि इस अवधि में एल-1 और एल-2 भर्ती परीक्षा की तारीख घोषित की जाए। ऐसा नहीं होने पर बचेली और किरंदुल दोनों परियोजनाओं के चेकपोस्ट पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। युवाओं ने स्पष्ट किया कि अब केवल मौखिक आश्वासन से काम नहीं चलेगा, उन्हें भर्ती प्रक्रिया को लेकर ठोस निर्णय चाहिए।
आंदोलन की अगली रणनीति तय करने के लिए 17 नवंबर को भांसी में एक और बड़ी बैठक बुलाई गई है। इसमें 14 ग्राम पंचायतों के सरपंचों, एल-1 और एल-2 भर्ती के आवेदकों तथा बेरोजगार युवाओं को शामिल होने के लिए कहा गया है। इसी बैठक में प्रस्तावित धरने की तारीख और स्वरूप तय किया जाएगा। युवाओं ने राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों से भी आंदोलन को समर्थन देने की अपील की है।
बचेली में उठ रहा यह सवाल अब केवल भर्ती परीक्षा की तारीख तक सीमित नहीं है। युवाओं का तर्क है कि जिस बस्तर की खनिज संपदा से एनएमडीसी जैसी बड़ी औद्योगिक परियोजनाएं संचालित हो रही हैं, उसी क्षेत्र के शिक्षित बेरोजगारों को रोजगार के लिए बार-बार आंदोलन क्यों करना पड़ रहा है? स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता और लंबित भर्ती प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की मांग लगातार तेज हो रही है। फिलहाल एनएमडीसी प्रबंधन के सामने 10 दिनों का अल्टीमेटम है। 17 नवंबर की भांसी बैठक के बाद आंदोलन की तस्वीर और स्पष्ट होगी।