कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान (सोर्स - नवभारत लाइव)
बस्तर

बस्तर की धरती के नीचे छिपा है कुदरत का रहस्यमयी संसार! कैलाश गुफा में पत्थरों का शिवलिंग

Kanger Valley National Park: कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान अद्भुत संसार का नाम है। 200 वर्ग किलोमीटर में फैला यह कांगेर घाटी अपनी जैव विविधता, प्राकृतिक सुंदरता के लिए विशेष पहचान रखता है।

अजय श्रीवास्तव, चंदू निर्मलकर

HIGHLIGHTS

  • जमीन के ऊपर घना जंगल, झरनों की गर्जना और दुर्लभ वन्यजीवों का संसार।

  • कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान प्राकृतिक धरोहर।

  • आज भी पर्यटकों के लिए रहस्यमयी संसार।

  • लगभग 200 वर्ग किलोमीटर में फैला यह राष्ट्रीय उद्यान।

Chhattisgarh Kanger Valley National Park: बस्तर की पहचान सिर्फ जलप्रपातों, आदिवासी संस्कृति और घने जंगलों तक सीमित नहीं है। यहां की धरती के भीतर भी प्रकृति ने एक ऐसी दुनिया रची है, जिसे देखकर इंसान हैरान रह जाता है। कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान इसी अद्भुत संसार का नाम है। लगभग 200 वर्ग किलोमीटर में फैला यह राष्ट्रीय उद्यान अपनी जैव विविधता, प्राकृतिक सुंदरता, भूमिगत चूना पत्थर की गुफाओं और जलप्रपातों के लिए विशेष पहचान रखता है। वर्ष 1982 में इसे राष्ट्रीय उद्यान का दर्जा दिया गया था।

इस घाटी की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां प्रकृति के दो अलग-अलग संसार एक साथ दिखाई देते हैं। एक तरफ साल, सागौन और बांस के घने जंगल हैं, तो दूसरी तरफ पहाड़ों के भीतर सदियों से आकार ले रही रहस्यमयी गुफाएं हैं। छत्तीसगढ़ का राजकीय पक्षी पहाड़ी मैना भी इसी क्षेत्र की जैव विविधता का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

कैलाश गुफा: पहाड़ के भीतर प्रकृति ने गढ़ा शिवलिंग

कांगेर घाटी की सबसे आकर्षक प्राकृतिक धरोहरों में कैलाश गुफा का नाम प्रमुखता से लिया जाता है। 22 मार्च 1993 को इसकी खोज की गई थी। हालांकि, स्थानीय आदिवासी समुदाय इससे पहले भी इस गुफा से परिचित था। बस्तर जिला प्रशासन के अनुसार गुफा की ज्ञात लंबाई करीब 1000 फीट और गहराई लगभग 120 फीट है।

कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान

इस गुफा की सबसे बड़ी विशेषता इसके भीतर मौजूद चूना पत्थर की अद्भुत संरचनाएं हैं। गुफा की छत से नीचे की ओर लटकती संरचनाओं को स्टैलेक्टाइट और जमीन से ऊपर उठती संरचनाओं को स्टैलेग्माइट कहा जाता है। हजारों वर्षों में पानी की बूंदों के साथ खनिजों के जमाव से बनी ये आकृतियां किसी शिल्पकार की बनाई कलाकृतियों जैसी दिखाई देती हैं।

कुछ संरचनाएं शिवलिंग जैसी आकृति

गुफा के भीतर चूना पत्थर से बनी कुछ संरचनाएं शिवलिंग जैसी आकृति प्रस्तुत करती हैं। इसी प्राकृतिक स्वरूप के कारण इसका नाम कैलाश गुफा पड़ा। स्थानीय लोगों के लिए इन संरचनाओं का धार्मिक महत्व भी है। गुफा के भीतर मौजूद प्राकृतिक बनावट इसे भूगर्भीय अध्ययन के लिहाज से भी महत्वपूर्ण बनाती है।

कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान

कांगेर घाटी: जहां जंगलों में बसती है दुर्लभ जैव विविधता

कांगेर घाटी की पहचान केवल गुफाओं तक सीमित नहीं है। यहां का घना वन क्षेत्र वन्यजीवों और पक्षियों के लिए महत्वपूर्ण प्राकृतिक आवास है। बस्तर पहाड़ी मैना, तेंदुआ, भालू, गौर, हिरण और कई प्रजातियों के सरीसृप इस क्षेत्र की जैव विविधता को विशेष बनाते हैं।

घाटी के भीतर स्थित तीरथगढ़ जलप्रपात इसकी खूबसूरती में चार चांद लगाता है। ऊंचाई से गिरता पानी, आसपास की हरियाली और चट्टानों के बीच बहती जलधारा पर्यटकों को आकर्षित करती है। वहीं कांगेर नदी की जलधाराएं और प्राकृतिक जलकुंड इस पूरे क्षेत्र को अलग पहचान देते हैं।

भैंसादरहा भी यहां का महत्वपूर्ण प्राकृतिक स्थल है, जहां मगरमच्छों का प्राकृतिक आवास मौजूद है। इस तरह कांगेर घाटी जंगल, जल और वन्यजीवों का एक अनूठा पारिस्थितिकी तंत्र प्रस्तुत करती है।

कुटुमसर और दंडक गुफा भी कम रहस्यमयी नहीं

कैलाश गुफा के अलावा कांगेर घाटी में कुटुमसर और दंडक गुफाएं भी अपनी विशिष्टता के लिए प्रसिद्ध हैं। कुटुमसर गुफा भूमिगत चूना पत्थर की संरचनाओं के लिए जानी जाती है। इसके भीतर कई कक्ष हैं। यहां अंधी मछलियों, मेंढकों, चमगादड़ों और दूसरे जीवों का संसार भी देखने को मिलता है। गुफा की लंबाई लगभग 330 मीटर बताई गई है।

कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान

दंडक गुफा की खासियत इसके दो कक्ष हैं, जिनके बीच बेहद संकरा रास्ता है। इसकी प्राकृतिक बनावट और भीतर मौजूद चूना पत्थर की संरचनाएं इसे भी विशेष बनाती हैं।

यूनेस्को की संभावित विश्व धरोहर सूची में भी कांगेर घाटी

कांगेर घाटी की प्राकृतिक और भूगर्भीय विशेषताओं का महत्व अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सामने आया है। यूनेस्को की संभावित विश्व धरोहर सूची (Tentative List) में इसे शामिल किया गया है। इसके पीछे यहां की विशिष्ट भू-आकृतियां, चूना पत्थर की गुफाएं, जलप्रपात और समृद्ध जैव विविधता प्रमुख आधार हैं। यह उपलब्धि बताती है कि बस्तर की प्राकृतिक विरासत केवल स्थानीय पर्यटन तक सीमित नहीं, बल्कि वैश्विक महत्व भी रखती है।

पर्यटन के साथ संरक्षण की भी बड़ी जिम्मेदारी

कांगेर घाटी और कैलाश गुफा जितनी आकर्षक हैं, उतनी ही संवेदनशील भी हैं। गुफाओं के भीतर बनने वाली प्राकृतिक संरचनाएं बेहद धीमी गति से विकसित होती हैं। इनका नुकसान होने पर प्राकृतिक रूप से उसकी भरपाई में बहुत लंबा समय लग सकता है। इसलिए पर्यटकों की आवाजाही, साफ-सफाई और वन्यजीवों के संरक्षण पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।

बस्तर के लिए कांगेर घाटी केवल एक पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि प्रकृति की करोड़ों वर्षों की भूगर्भीय कहानी, आदिवासी परंपराओं और जैव विविधता का जीवंत दस्तावेज है। जरूरत है कि इस अनमोल धरोहर को पर्यटन के साथ-साथ संरक्षण की दृष्टि से भी प्राथमिकता दी जाए।

पहले 2020, फिर 2035, अब 2047...इसके बाद 3000 आएगा! विकसित भारत के लक्ष्य पर राहुल का तंज

लतीफ भट को ढेर किए जाने पर गृह मंत्री अमित शाह ने की सुरक्षा बलों की तारीफ, कहा-ऑपरेशन में बेहतरीन तालमेल दिखा

QUAD समिट में पीएम मोदी ने जमीन से उठाया तिरंगे वाला मार्कर, ट्रंप बोले- सेव इट; VIDEO वायरल

शिवसेना नेताओं ने सोनिया गांधी की किताब फाड़ी, संजय निरुपम और शाइना एनसी ने की महाराष्ट्र में बैन की मांग

CM योगी दोनों कानों में कितने ग्राम के सोने के कुंडल पहनते हैं? जानें उनकी असली कीमत