छत्तीसगढ़ बीजापुर जंगल कटाई सोर्स- नवभारत लाइव
बस्तर

नक्सलवाद के बाद अब लकड़ी तस्करों का खतरा, उसपरी के जंगलों में अवैध कटाई से मचा हड़कंप

Bastar Forest Resources : भैरमगढ़ के जंगलों में बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई का मामला आया सामने, नक्सलवाद के कमजोर पड़ने के बाद वन संपदा की सुरक्षा पर उठे सवाल, आखिर किसकी शह पर उजड़ रहे जंगल?

अजय श्रीवास्तव, रोहित कुमार बंछोर

HIGHLIGHTS

  • बीजापुर के उसपरी जंगल में पेड़ों की अंधाधुंध कटाई।

  • छोटे-बड़े पेड़ों की कटाई से वन संपदा पर खतरा।

  • नक्सलवाद कमजोर होने के बाद बढ़ी जंगलों की सुरक्षा चुनौती।

  • मई 2026 में 280 पेड़ों की कटाई का मामला आया था सामने।

  • उसपरी में कटाई की जांच और कार्रवाई का इंतजार।

Deforestation in The Forests of Bijapur, Chhattisgarh : बस्तर के जंगलों में कभी नक्सलवाद का खौफ था, जिसके चलते अंदरूनी इलाकों तक शासन-प्रशासन की पहुंच सीमित रही। अब नक्सलवाद का प्रभाव घटने के साथ इन इलाकों में विकास और प्रशासनिक पहुंच बढ़ने की उम्मीद जगी है, लेकिन इसी बीच जंगलों से एक नई चिंता सामने आने लगी है।

आरोप है कि अब जंगलों की बेशकीमती वन संपदा पर लकड़ी तस्करों की नजर पड़ गई है। ऐसा ही मामला बीजापुर जिले के भैरमगढ़ क्षेत्र के उसपरी गांव से सामने आया है, जहां छोटे-बड़े पेड़ों की बड़े पैमाने पर कटाई किए जाने की जानकारी मिली है।

उसपरी के जंगलों में पेड़ों की कटाई ने वन संपदा की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस जंगल को बचाने के लिए स्थानीय समुदाय पीढ़ियों से प्रकृति के साथ सहजीवन की परंपरा निभाता आया है, वहां अब पेड़ों की अंधाधुंध कटाई की खबरें चिंता बढ़ा रही हैं। छोटे-बड़े पेड़ों की कटाई से जंगल का प्राकृतिक स्वरूप प्रभावित होने के साथ वन्यजीवों के रहवास और स्थानीय पर्यावरण पर भी असर पड़ने की आशंका है।

छत्तीसगढ़ बीजापुर जंगल कटाई

नक्सलवाद कमजोर हुआ तो जंगलों की सुरक्षा की चुनौती बढ़ी

बस्तर में लंबे समय तक नक्सलवाद के कारण अंदरूनी वन क्षेत्रों में सामान्य प्रशासनिक गतिविधियां प्रभावित रहीं। अब परिस्थितियां बदलने के साथ इन क्षेत्रों में वन संपदा की निगरानी और संरक्षण की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। सवाल यह है कि जब सुरक्षा और प्रशासनिक पहुंच बढ़ाने की कोशिशें हो रही हैं, तब जंगलों में पेड़ों की कटाई पर प्रभावी नियंत्रण क्यों नहीं दिख रहा?

बीजापुर जिले में इससे पहले भी वन क्षेत्रों में पेड़ों की कटाई को लेकर सवाल उठते रहे हैं। मई 2026 में सड़क निर्माण कार्यों के दौरान बिना अनुमति 280 पेड़ों की कटाई का मामला सामने आया था, जिसमें वन विभाग ने 18 वन अपराध दर्ज कर करीब 20 लाख रुपये की क्षतिपूर्ति वसूली की कार्रवाई की थी। ऐसे मामलों के बीच उसपरी से सामने आई पेड़ों की कटाई की जानकारी ने वन संरक्षण को लेकर चिंता और बढ़ा दी है।

वन विभाग की निगरानी पर सवाल, जांच और कार्रवाई का इंतजार

उसपरी गांव में आखिर कितने पेड़ों की कटाई हुई है? क्या पेड़ों की कटाई के लिए वैधानिक अनुमति ली गई थी? यदि नहीं, तो इसके पीछे कौन लोग हैं और काटी गई लकड़ी कहां ले जाई जा रही है? इन सवालों का जवाब वन विभाग की जांच से ही सामने आ सकेगा।

बस्तर के जंगल केवल पेड़ों का समूह नहीं, बल्कि आदिवासी जीवन, आजीविका, जैव विविधता और सांस्कृतिक विरासत का आधार हैं। ऐसे में नक्सलवाद के बाद यदि जंगलों पर अवैध कटाई का खतरा बढ़ता है तो यह पूरे क्षेत्र के भविष्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है। अब देखना होगा कि वन विभाग उसपरी के जंगलों में हुई कटाई की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर क्या कार्रवाई करता है।

राहुल गांधी ने सुनाई अपनी सीक्रेट लव स्टोरी, पहली बार गर्लफ्रेंड का किया जिक्र

क्या है 'बारोंग तागालोग', जिसे पहनकर राष्ट्रपति मार्कोस के रात्रिभोज में पहुंचे पीएम मोदी?

कानपुर से दिल्ली के लिए नई ट्रेन शुरू, अश्विनी वैष्णव ने दिखाई हरी झंडी; इन शहरों को भी मिलेगा फायदा

राम मोहन नायडू शक के घेरे में? अजित पवार मामले को लेकर रोहित पवार ने केंद्र और राज्य सरकार को घेरा

सोनिया गांधी की किताब के विमोचन में पहुंचे BJP नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह, पंजाब चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज