UPSSSC Vacancy 2026 : उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने पशुपालन विभाग में वेटनरी फार्मासिस्ट के 1,308 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। विज्ञापन संख्या 18-परीक्षा/2026 के तहत होने वाली इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 14 सितंबर 2026 से शुरू होगी।
इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 5 अक्तूबर 2026 तक आवेदन और शुल्क जमा कर सकेंगे। आवेदन में संशोधन और शुल्क समायोजन की अंतिम तारीख 12 अक्तूबर 2026 निर्धारित की गई है। कुल पदों में सामान्य वर्ग के 576, एससी के 237, एसटी के 6, ओबीसी के 359 और ईडब्ल्यूएस के 130 पद शामिल हैं। क्षैतिज आरक्षण के नियम भी लागू होंगे।
इस भर्ती के लिए वही उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने UPSSSC PET-2025 में हिस्सा लिया है और उनके पास वैध स्कोरकार्ड है। PET-2025 में शून्य या नकारात्मक अंक पाने वाले अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट नहीं किया जाएगा। शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उम्मीदवार का इंटरमीडिएट में जीव विज्ञान विषय से पास होना जरूरी है।
इसके अलावा भारत में कानून के तहत स्थापित संस्थान से 2 वर्ष 3 महीने का वेटनरी फार्मेसी डिप्लोमा होना चाहिए। संबंधित परिषद या संस्थान में पंजीकरण की निर्धारित शर्तें भी पूरी करनी होंगी। उम्मीदवार को देवनागरी लिपि में हिंदी का ज्ञान होना चाहिए। आयु सीमा 18 से 40 वर्ष है और आरक्षित वर्गों को नियमों के अनुसार छूट मिलेगी। प्रादेशिक सेना में दो वर्ष की सेवा या NCC का 'B' प्रमाणपत्र रखने वालों को वरीयता दी जाएगी।
उम्मीदवारों का चयन मुख्य लिखित परीक्षा के आधार पर होगा। PET-2025 के सामान्यीकृत अंकों के आधार पर श्रेणीवार रिक्तियों की संख्या के करीब 15 गुना अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। परीक्षा में कुल 100 प्रश्न और 100 अंक होंगे, जिसके लिए 2 घंटे का समय मिलेगा।
वेटनरी फार्मेसी से 65, कंप्यूटर एवं सूचना प्रौद्योगिकी से 15 और उत्तर प्रदेश से संबंधित सामान्य जानकारी से 20 प्रश्न पूछे जाएंगे। गलत उत्तर पर एक-चौथाई अंक की निगेटिव मार्किंग होगी। चयनित उम्मीदवारों को पे लेवल-5 के तहत 29,200 से 92,300 रुपये तक वेतन मिलेगा।
आवेदन के शुरुआती चरण में 25 रुपये ऑनलाइन प्रोसेसिंग शुल्क देना होगा। आवेदन के लिए उम्मीदवार UPSSSC की वेबसाइट पर PET-2025 पंजीकरण संख्या से लॉगिन कर शैक्षणिक योग्यता और पद संबंधी जानकारी भरकर शुल्क जमा कर सकेंगे।