UP DElEd Registration : उत्तर प्रदेश में शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी, प्रयागराज ने यूपी डीएलएड (Diploma in Elementary Education) 2026 एडमिशन प्रक्रिया का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके तहत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 जून 2026 से शुरू होगी। इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकेंगे।
आवेदन की अंतिम तिथि 8 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। वहीं आवेदन शुल्क जमा करने की आखिरी तारीख 9 जुलाई और आवेदन पत्र को पूर्ण रूप से भरकर उसका प्रिंट आउट लेने की अंतिम तिथि 11 जुलाई 2026 तय की गई है। हर साल लाखों अभ्यर्थी प्राथमिक शिक्षक बनने के उद्देश्य से इस कोर्स में प्रवेश लेते हैं और इस बार भी बड़ी संख्या में आवेदन आने की उम्मीद है।
आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 16 जुलाई 2026 को मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। मेरिट सूची के आधार पर उम्मीदवारों को काउंसलिंग के लिए बुलाया जाएगा। पहले चरण की काउंसलिंग और सीट आवंटन प्रक्रिया 20 जुलाई से 10 अगस्त 2026 तक चलेगी। इस वर्ष प्रदेश के सरकारी और निजी डीएलएड संस्थानों में लगभग 2.39 लाख सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा।
इनमें जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET), कॉलेज ऑफ टीचर एजुकेशन (CTE) वाराणसी और प्रदेश के विभिन्न निजी डीएलएड प्रशिक्षण संस्थान शामिल हैं। चयन प्रक्रिया पूरी तरह मेरिट आधारित होगी, जिसमें 10वीं, 12वीं और स्नातक में प्राप्त अंकों के आधार पर उम्मीदवारों की रैंकिंग तय की जाएगी।
ये खबर भी पढ़ें : Punjab and Haryana High Court Recruitment 2026: 167 सफाई सेवक और माली पदों पर भर्ती, 30 जून तक करें आवेदन
डीएलएड 2026 में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक होना आवश्यक है। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक जरूरी हैं, जबकि एससी, एसटी, ओबीसी और दिव्यांग वर्ग के उम्मीदवारों को 45 प्रतिशत अंकों के साथ पात्र माना जाएगा। उम्मीदवार की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। अभ्यर्थियों को आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा, जरूरी जानकारी भरनी होगी, दस्तावेज अपलोड करने होंगे और निर्धारित शुल्क जमा कर आवेदन सबमिट करना होगा। विशेषज्ञों का कहना है कि इच्छुक उम्मीदवार अंतिम तिथि का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि किसी तकनीकी समस्या से बचा जा सके।