SBI Jobs : बैंकिंग सेक्टर में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने प्रोबेशनरी ऑफिसर (PO) भर्ती 2026 के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 1500 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी, जिनमें 1446 नियमित और 54 बैकलॉग पद शामिल हैं।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 18 जून 2026 से शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार 8 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। एसबीआई पीओ की नौकरी बैंकिंग क्षेत्र की सबसे प्रतिष्ठित नौकरियों में मानी जाती है और हर साल लाखों उम्मीदवार इसके लिए आवेदन करते हैं।
भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक होना जरूरी है। किसी भी विषय से ग्रेजुएशन करने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा ग्रेजुएशन के अंतिम वर्ष या अंतिम सेमेस्टर में पढ़ रहे छात्र भी आवेदन के पात्र हैं, बशर्ते इंटरव्यू से पहले उनकी डिग्री पूरी हो जाए। उम्मीदवार की आयु 1 अप्रैल 2026 के अनुसार 21 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी। चयन प्रक्रिया में प्रारंभिक परीक्षा (Prelims), मुख्य परीक्षा (Mains), साइकोमेट्रिक टेस्ट, ग्रुप एक्सरसाइज और इंटरव्यू शामिल होंगे। प्रीलिम्स परीक्षा अगस्त 2026 और मेंस परीक्षा सितंबर 2026 में आयोजित होने की संभावना है।
ये खबर भी पढ़ें : HPPSC Recruitment 2026: हिमाचल के कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 373 पदों पर भर्ती, जानें योग्यता और आवेदन
वेतन की बात करें तो चयनित उम्मीदवारों को 48,480 रुपये बेसिक पे से शुरुआत मिलेगी। इसके अलावा महंगाई भत्ता (DA), मकान किराया भत्ता (HRA), मेडिकल सुविधा, प्रोविडेंट फंड, पेंशन और अन्य कई भत्तों का लाभ भी मिलेगा। मुंबई जैसे केंद्रों पर एसबीआई पीओ का वार्षिक पैकेज लगभग 21.97 लाख रुपये तक पहुंच सकता है।
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है और उम्मीदवार IBPS के आवेदन पोर्टल के माध्यम से फॉर्म भर सकते हैं। अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले पात्रता, परीक्षा पैटर्न और अन्य शर्तों की जानकारी आधिकारिक नोटिफिकेशन में अवश्य जांच लेनी चाहिए। यह भर्ती बैंकिंग सेक्टर में सरकारी नौकरी का पाने का बेहतरीन मौका है।