

Hppsc Assistant Professor Recruitment 2026 : हिमाचल प्रदेश में सरकारी नौकरी और शिक्षण क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए सुनहरा अवसर आया है। हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (HPPSC) ने उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत कॉलेज कैडर में असिस्टेंट प्रोफेसर के 373 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है।
आयोग के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 17 जून 2026 से शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 14 जुलाई 2026 की रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। लिखित परीक्षा जुलाई 2026 के तीसरे सप्ताह में आयोजित किए जाने की संभावना है। चयनित उम्मीदवारों को शुरुआत में जॉब ट्रेनी के रूप में नियुक्त किया जाएगा, जिसके दौरान उन्हें 35,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा।
इस भर्ती के तहत 22 से अधिक विषयों में पद भरे जाएंगे। अंग्रेजी विषय में सबसे अधिक 39 पद निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा रसायन विज्ञान और हिंदी में 34-34, भौतिक विज्ञान और गणित में 25-25, शारीरिक शिक्षा में 23, वनस्पति विज्ञान, प्राणी विज्ञान और भूगोल में 20-20 पद उपलब्ध हैं।
इतिहास, समाजशास्त्र, राजनीति विज्ञान, वाणिज्य, लोक प्रशासन, मनोविज्ञान और अर्थशास्त्र जैसे विषयों में भी बड़ी संख्या में रिक्तियां निकाली गई हैं। वहीं संस्कृत, दर्शनशास्त्र, संगीत, नृत्य, तबला और भूविज्ञान जैसे विषयों के लिए भी पद आरक्षित किए गए हैं। इससे विभिन्न विषयों के अभ्यर्थियों को आवेदन का अवसर मिलेगा।
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है। उम्मीदवारों को HPPSC की आधिकारिक वेबसाइट hppsc.hp.gov.in पर जाकर वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) करना होगा। इसके बाद लॉगिन कर असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती से संबंधित आवेदन पत्र भरना होगा। फॉर्म में मांगी गई शैक्षणिक और व्यक्तिगत जानकारी दर्ज करने के साथ आवश्यक दस्तावेज, फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करने होंगे।
आवेदन शुल्क जमा करने के बाद फॉर्म सबमिट किया जा सकता है। आयोग ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे आवेदन से पहले पात्रता और विषयवार रिक्तियों की जानकारी आधिकारिक अधिसूचना में अवश्य जांच लें, ताकि आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की त्रुटि न हो।