राजस्थान 12वीं बोर्ड में लड़कियां फिर आगे 
करियर

राजस्थान बोर्ड: 12वीं में लड़कियां फिर लड़कों से आगे, प्रीति ने 99.80% के साथ किया टॉप

राजस्थान बोर्ड की ओर से 12वीं कक्षा का परिणाम जारी कर दिया गया है। इसबार भी लड़कियों का पास प्रतिशत लड़कों से अधिक है। विज्ञान वर्ग की प्रीति ने 99.80 प्रतिशत के साथ टॉप किया है।

यतीश श्रीवास्तव

जयपुर: राजस्थान बोर्ड की ओर से आज 12वीं कक्षा का परिणाम जारी कर दिया गया है। आज शाम 5 बजे राजस्थान माध्यमिक शिक्षा परिषद (RBSE) की ओर से रिजल्ट की घोषणा की गई है। बोर्ड की ओर से साइंस, कॉमर्स और आर्ट्स तीनों वर्ग का रिजल्ट एक साथ घोषित किया है। इस बार भी परीक्षा में लड़कियों का परिणाम लड़कों से बेहतर आया है। साइंस वर्ग की प्रीति ने 99.80 फीसदी अंकों के साथ टॉप किया है।

आज राजस्थान 12वीं बोर्ड का रिजल्ट जारी कर दिया गया है। बोर्ड की ओर से सभी पास विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी गईं हैं। इसके साथ ही शिक्षा मंत्री मदन दिलावर भी कलेक्ट्रेट पहुंचे थे और टॉपर्स विद्यार्थियों से बातचीत की और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

प्रीति को मिले 99.80 फीसदी अंक

राजस्थान में 12वीं कक्षा में टॉप करने वाली प्रीति ने विज्ञान वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 99.80 फीसदी अंक हासिल करते हुए टॉप किया है। पिता राजेश कुमार ने बेटी की उपलब्धि पर खुशी जताई है। इसके बाद आर्ट्स वर्ग में चार विद्यार्थियों ने 99.60 प्रतिशत अंक हासिल कर दूसरा स्थान प्राप्त किया है। इनमें अनुप्रिया राठौड़, प्रगति अग्रवाल, प्रियंका और उर्मिला शामिल हैं। जबकि कॉमर्स वर्ग में कल्पलना ओसलानी ने 99.20 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया है।

पास परसेंटेज में लड़कियां फिर आगे

बोर्ड ने विज्ञान, वाणिज्य और कला तीनों वर्गों का परिणाम एक साथ घोषित कर दिया है। इसमें ओवरऑल लड़कियों ने बाजी मार ली है। विज्ञान वर्ग में कुल पास प्रतिशत 98.43% रहा है, जिसमें 98.07% छात्रों को सफलता मिली है जबकि छात्राओं का पास प्रतिशत 99.02% रहा है। वहीं वाणिज्य वर्ग में कुल 99.07% छात्र-छात्राएं सफल रहे हैं। इसमें छात्रों का परिणाम 99.27% और छात्राओं का 98.97% रहा है। कला वर्ग की बात करें तो कुल परिणाम 97.78% रहा है। इसमें छात्रों का पास प्रतिशत 97.09% और छात्राओं का 98.42% दर्ज किया गया है।

इंतजार खत्म: राजस्थान बोर्ड 12वीं कक्षा का रिजल्ट घोषित, 98.43 प्रतिशत पास

पास होने के लिए इतने अंक हैं जरूरी

राजस्थान 12वीं बोर्ड परीक्षा में पास होने के लिए छात्रों को हर विषय में 33 और कुल मिलाकर न्यूनतम 33% अंक प्राप्त करने जरूरी हैं। प्रैक्टिकल वाले विषयों में कुल 70 में से कम से कम 23 अंक प्राप्त करना अनिवार्य होता है। बिना प्रैक्टिकल वाले वैकल्पिक विषयों की बात करें तो छात्रों को 80 में से कम से कम 26 अंक प्राप्त करने होंगे।

चंद्रशेखरन की ताजपोशी पर छिड़ी रार, Tata Trust ने खारिज किया बोर्ड का फैसला

रची जा रही साजिश...हामिद अंसारी के हिंदू दक्षिणपंथी सांप्रदायिकता वाले बयान पर भड़के मौलाना, लगाए गंभीर आरोप

दिया जलाने के लिए पैसा, हॉस्टल के लिए क्यों नहीं? राहुल गांधी का PM मोदी से सीधा सवाल

भारत-जापान की वायुसेना के बीच वीर गार्जियन-2026 युद्ध अभ्यास जारी, जोधपुर पहुंचे दोनों देशों के एयर चीफ- VIDEO

मिमिक्री से मनोरंजन होता है…राहुल गांधी के इंदौर कार्यक्रम पर MLA राम कदम का बड़ा हमला