

HIGHLIGHTS
पीएम मोदी ने देशवासियों को धनतेरस की शुभकामनाएं दीं
कहा- आप सभी पर भगवान धन्वन्तरि की कृपा बनी रहे
पीएम मोदी के पोस्ट में लिखा संस्कृत श्लोक
PM Modi Dhanteras Celebration: आज धनतेरस के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान धन्वन्तरि को नमन किया। सोशल मीडिया 'एक्स' पर पोस्ट साझा करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि सभी देशवासियों को धनतेरस की अनंत शुभकामनाएं।
भगवान धन्वन्तरि की दिव्य कृपा से सभी का जीवन सुख, शांति और उत्तम स्वास्थ्य से सदैव आलोकित रहे। हर परिवार में उमंग और आनंद का अखंड दीप प्रज्वलित रहे, यही मंगलकामना है। नमामि धन्वन्तरिमादिदेवं सुरासुरैर्वन्दितपादपद्मम्। लोके जरारुग्भयमृत्युनाशं दातारमीशं विविधौषधीनाम्॥
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश के साथ आयुर्वेद और आरोग्य के देवता भगवान धन्वन्तरि को समर्पित एक विशेष संस्कृत श्लोक और उसका अनुवाद भी साझा किया। उन्होंने लिखा- नमामि धन्वन्तरिमादिदेवं सुरासुरैर्वन्दितपादपद्मम्। लोके जरारुग्भयमृत्युनाशं दातारमीशं विविधौषधीनाम्॥
दरअसल, इस संस्कृत श्लोक का मतलब है- मैं आदिदेव भगवान धन्वंतरि को नमन करता हूं, जिनके चरण-कमलों की वंदना देवता और असुर दोनों ही करते हैं। जो इस संसार में बुढ़ापे, रोगों, भय और मृत्यु का नाश करने वाले हैं और विभिन्न प्रकार की औषधियों के दाता और स्वामी भी हैं।
धनतेरस पर्व पर भगवान धन्वंतरि का सबसे ज्यादा महत्व है। इस दिन इनकी पूजा की जाती है और परिवार में सुख-समृद्धि की कामना की जाती है। भगवान धन्वंतरि का महत्व मुख्य रूप से आरोग्य, अच्छे स्वास्थ्य और आयुर्वेद से जुड़ा हुआ है।
पौराणिक कथाओं के अनुसार, कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि यानी धनतेरस के मौके पर समुद्र मंथन के दौरान भगवान धन्वंतरि हाथों में अमृत से भरा कलश लेकर प्रकट हुए थे।
इसी कारण इस दिन को 'धन्वंतरि जयंती' के रूप में भी मनाया जाता है। भगवान धन्वंतरि ने मानव जाति को रोगों से मुक्त करने और चिकित्सा का ज्ञान प्रदान किया था। ऐसे में धनतेरस वाले दिन इनकी पूजा की जाती है।