JTET 2026 : झारखंड में सरकारी शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। राज्य के स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की ओर से Jharkhand Academic Council (JAC) ने झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।
लंबे समय बाद आयोजित हो रही इस परीक्षा के जरिए प्राथमिक (कक्षा 1 से 5) और उच्च प्राथमिक (कक्षा 6 से 8) स्कूलों में सहायक शिक्षक बनने का रास्ता खुलेगा। इस घोषणा के बाद अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
JTET 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया 21 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार 21 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन केवल आधिकारिक पोर्टल jacexamportal.in के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।
परीक्षा दो स्तरों पर आयोजित होगी पेपर 1 उन उम्मीदवारों के लिए जो कक्षा 1 से 5 तक पढ़ाना चाहते हैं, जबकि पेपर 2 कक्षा 6 से 8 तक के लिए होगा। उम्मीदवार अपनी योग्यता के अनुसार एक या दोनों पेपर के लिए आवेदन कर सकते हैं।
ये खबर भी पढ़ें : SSC Stenographer Recruitment 2026: 12वीं पास के लिए 731 पदों पर भर्ती, जानें पूरी डिटेल
योग्यता की बात करें तो प्राथमिक स्तर के लिए उम्मीदवार का 12वीं में कम से कम 50% अंक और D.El.Ed होना जरूरी है। वहीं उच्च प्राथमिक स्तर के लिए ग्रेजुएशन के साथ D.El.Ed या कम से कम 50% अंकों के साथ B.Ed अनिवार्य है। आवेदन के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष तय की गई है और अधिकतम आयु में इस बार छूट भी दी गई है।
आवेदन शुल्क सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 1300 रुपये, जबकि एससी/एसटी के लिए 700 रुपये और विशेष जनजातीय समूह के लिए 500 रुपये निर्धारित किया गया है। परीक्षा में 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे और इसमें कोई नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी।