ISRO Jobs : भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के यूआर राव सैटेलाइट सेंटर (URSC) ने अप्रेंटिसशिप के जरिए करियर शुरू करने के इच्छुक युवाओं के लिए बड़ी भर्ती निकाली है। इस भर्ती अभियान के तहत ग्रेजुएट अप्रेंटिस, टेक्नीशियन अप्रेंटिस और कमर्शियल प्रैक्टिस अप्रेंटिस के कुल 410 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 28 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती के लिए केवल वे अभ्यर्थी पात्र होंगे जिन्होंने 2022 से 2026 के बीच अपनी डिग्री या डिप्लोमा पूरा किया हो। वर्ष 2021 या उससे पहले पास हुए उम्मीदवार आवेदन नहीं कर सकेंगे।
ग्रेजुएट अप्रेंटिस पदों के लिए संबंधित विषय में बीई/बीटेक डिग्री होना अनिवार्य है, जबकि टेक्नीशियन अप्रेंटिस के लिए संबंधित इंजीनियरिंग शाखा में डिप्लोमा आवश्यक है। वहीं कमर्शियल प्रैक्टिस अप्रेंटिस पद के लिए मान्यता प्राप्त संस्थान से कमर्शियल प्रैक्टिस में डिप्लोमा होना चाहिए।
भर्ती के तहत ग्रेजुएट अप्रेंटिस के 220 पद, टेक्नीशियन अप्रेंटिस के 120 पद और कमर्शियल प्रैक्टिस अप्रेंटिस के 70 पद भरे जाएंगे। चयनित ग्रेजुएट अप्रेंटिस को 12,300 रुपये प्रतिमाह, जबकि टेक्नीशियन और कमर्शियल प्रैक्टिस अप्रेंटिस को 10,900 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड मिलेगा।
ये खबर भी पढ़ें : HAL Recruitment 2026: इंजीनियरों के लिए शानदार मौका, डिजाइन और मैनेजमेंट ट्रेनी के 120 पदों पर भर्ती
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले नेशनल अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग स्कीम (NATS) पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद लॉगिन कर अपनी प्रोफाइल पूरी करनी होगी और ISRO URSC Apprentice Recruitment 2026 का विज्ञापन चुनकर संबंधित पद के लिए आवेदन करना होगा।
आवेदन फॉर्म में सभी जरूरी जानकारी भरने के बाद आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर आवेदन जमा किया जा सकता है। अंतरिक्ष क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले इंजीनियरिंग और डिप्लोमा पास युवाओं के लिए यह एक बेहतरीन अवसर है।