Highlights:
IBPS RRB PO प्रीलिम्स परीक्षा 21 और 22 नवंबर 2026 को होगी।
मुख्य परीक्षा की तारीख 20 दिसंबर 2026 निर्धारित है।
इस भर्ती के तहत कुल 4,256 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
IBPS RRB PO Exam Date 2026: बैंक में अधिकारी बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अहम अपडेट है। इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सनल सिलेक्शन (IBPS) ने क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों में ऑफिसर स्केल-1 यानी RRB PO भर्ती 2026 की परीक्षा तारीखें जारी कर दी हैं।
प्रारंभिक परीक्षा 21 और 22 नवंबर को होगी, जबकि मुख्य परीक्षा 20 दिसंबर 2026 को निर्धारित है। इस भर्ती के जरिए कुल 4,256 पद भरे जाएंगे। जिन उम्मीदवारों ने आवेदन किया है, उन्हें अब परीक्षा की तैयारी के साथ एडमिट कार्ड से जुड़े अपडेट पर भी नजर रखनी चाहिए।
बता दें कि आईबीपीएस के परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार, ऑफिसर स्केल-1 की प्रारंभिक परीक्षा 21 और 22 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। इसमें सफल होने वाले अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में बैठने का मौका मिलेगा।
मुख्य परीक्षा की तारीख 20 दिसंबर 2026 तय की गई है। परीक्षा ऑनलाइन माध्यम से होगी। परीक्षा केंद्र और समय की जानकारी उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड के जरिए मिलेगी।
आईबीपीएस ने फिलहाल प्रारंभिक परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी होने की तारीख नहीं बताई है। उम्मीदवारों को प्रवेश पत्र के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नजर रखनी चाहिए।
एडमिट कार्ड जारी होने के बाद अभ्यर्थी अपने रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड या जन्मतिथि की मदद से इसे डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा केंद्र पर प्रवेश पत्र के साथ वैध फोटो पहचान पत्र ले जाना भी जरूरी होगा।
प्रारंभिक परीक्षा में रीजनिंग और क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड यानी गणितीय योग्यता से कुल 80 प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा 80 अंकों की होगी और इसे हल करने के लिए 45 मिनट मिलेंगे।
गलत उत्तर देने पर प्रत्येक सवाल के लिए निर्धारित अंकों का एक चौथाई हिस्सा काटा जाएगा। ऐसे में उम्मीदवारों को प्रश्न हल करते समय गति के साथ सटीकता पर भी ध्यान देना होगा।
प्रीलिम्स में सफल उम्मीदवार 20 दिसंबर को होने वाली मुख्य परीक्षा में शामिल होंगे। इसमें कुल 200 प्रश्न होंगे और परीक्षा 200 अंकों की होगी। पेपर हल करने के लिए दो घंटे का समय मिलेगा।
मुख्य परीक्षा में रीजनिंग, कंप्यूटर ज्ञान, सामान्य जागरूकता, अंग्रेजी या हिंदी भाषा और क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड जैसे विषय शामिल होंगे। उम्मीदवारों को सभी विषयों का नियमित अभ्यास करना चाहिए।
आईबीपीएस की इस भर्ती के तहत क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों में ऑफिसर स्केल-1 के कुल 4,256 पद भरे जाएंगे। इस पद को प्रोबेशनरी ऑफिसर (PO) या असिस्टेंट मैनेजर भी कहा जाता है।
चयन प्रक्रिया में प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार शामिल हैं। अंतिम चयन के लिए उम्मीदवारों को निर्धारित सभी चरणों में सफल होना होगा।
उम्मीदवारों के पास प्रारंभिक परीक्षा के लिए अब कम समय बचा है। ऐसे में रीजनिंग और गणित के सवालों का नियमित अभ्यास करें। पिछले वर्षों के प्रश्नपत्र हल करें और समय तय करके मॉक टेस्ट दें।
साथ ही मुख्य परीक्षा के विषयों की तैयारी भी जारी रखें, ताकि प्रीलिम्स के बाद तैयारी के लिए समय की कमी न हो। परीक्षा, एडमिट कार्ड और भर्ती से जुड़े नए अपडेट के लिए आईबीपीएस की वेबसाइट ibps.in देखते रहें।