IBPS Clerk Vacancy : बैंकिंग कार्मिक चयन संस्थान (IBPS) ने क्लर्क भर्ती 2026 यानी CRP CSA-XVI के लिए आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ा दी है। अब इस भर्ती में शामिल होने के इच्छुक उम्मीदवार 28 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इसी तारीख तक आवेदन शुल्क का भुगतान भी किया जा सकेगा। इस भर्ती अभियान के जरिए ग्राहक सेवा सहयोगी (CSA) के 11,403 पद भरे जाएंगे। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम समय का इंतजार न करें और जल्द आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
IBPS Clerk भर्ती की चयन प्रक्रिया दो चरणों में होगी। सबसे पहले प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें सफल होने वाले उम्मीदवार मुख्य परीक्षा में शामिल होंगे। प्रारंभिक परीक्षा 10 और 11 अक्तूबर 2026 को आयोजित की जाएगी, जबकि मुख्य परीक्षा 27 दिसंबर 2026 को होगी।
आवेदन में सुधार की सुविधा अगस्त 2026 में उपलब्ध रहेगी। उम्मीदवारों को दोनों परीक्षाओं की तैयारी के साथ आवेदन में दर्ज जानकारी भी सावधानी से जांच लेनी चाहिए।
IBPS Clerk भर्ती के लिए उम्मीदवार की आयु 1 अगस्त 2026 को 20 से 28 वर्ष के बीच होनी चाहिए। उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में स्नातक डिग्री होनी जरूरी है। अंतिम वर्ष के विद्यार्थी भी आवेदन कर सकते हैं, लेकिन उनका अंतिम परीक्षा परिणाम आवेदन की अंतिम तारीख तक घोषित होना चाहिए।
आवेदन शुल्क सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस उम्मीदवारों के लिए 850 रुपये, जबकि एससी, एसटी, पीडब्ल्यूबीडी और ईएक्सएस उम्मीदवारों के लिए 175 रुपये है। आवेदन के दौरान फोटो, हस्ताक्षर, बाएं अंगूठे का निशान और हस्तलिखित घोषणा-पत्र की स्कैन कॉपी अपलोड करनी होगी।