IBPS Clerk Vacancy : बैंकिंग सेक्टर में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए अच्छी खबर है। इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सोनल सेलेक्शन (IBPS) ने CRP CSA-XVI के तहत कस्टमर सर्विस एसोसिएट (CSA) यानी क्लर्क भर्ती 2026 का शॉर्ट नोटिस जारी कर दिया है। इस भर्ती के माध्यम से देश के विभिन्न सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में क्लर्क पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 अगस्त 2026 से शुरू होगी और इच्छुक अभ्यर्थी 21 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। फिलहाल आईबीपीएस ने केवल संक्षिप्त अधिसूचना जारी की है। विस्तृत नोटिफिकेशन जल्द जारी होगा, जिसमें रिक्तियों, पात्रता, राज्यवार पदों और परीक्षा से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी।
जारी कार्यक्रम के अनुसार आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि भी 21 अगस्त 2026 होगी। आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद उम्मीदवारों को आवेदन में सुधार (Correction Window) का अवसर मिलेगा।
प्री-एग्जाम ट्रेनिंग (PET) का आयोजन सितंबर 2026 में किया जाएगा। प्रारंभिक परीक्षा अक्टूबर 2026 में होगी, जबकि इसका परिणाम नवंबर 2026 में घोषित किया जाएगा। इसके बाद मुख्य परीक्षा दिसंबर 2026 में आयोजित होगी और सफल अभ्यर्थियों का प्रोविजनल अलॉटमेंट मार्च 2027 में किया जाएगा।
भर्ती प्रक्रिया में तीन चरण होंगे, प्रारंभिक ऑनलाइन परीक्षा, मुख्य ऑनलाइन परीक्षा और प्रोविजनल अलॉटमेंट। अंतिम चयन केवल मुख्य परीक्षा में उम्मीदवारों के प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।
ये खबर भी पढ़ें : NTA CSIR NET Answer Key 2026: जल्द जारी होगी CSIR नेट परीक्षा की आंसर की और रिस्पॉन्स शीट, ऐसे कर सकेंगे चेक
आईबीपीएस ने बताया है कि विस्तृत अधिसूचना में राज्यवार और श्रेणीवार रिक्तियों के साथ बैंकवार पदों की संख्या, शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, परीक्षा पैटर्न, विस्तृत सिलेबस, वेतनमान, आरक्षण नीति, दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया तथा दिव्यांग एवं पूर्व सैनिकों के लिए लागू प्रावधानों की जानकारी दी जाएगी। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे।
उम्मीदवारों को आईबीपीएस की आधिकारिक वेबसाइट ibps.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा, आवेदन पत्र भरना होगा, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे और निर्धारित आवेदन शुल्क जमा करना होगा।
आवेदन जमा करने के बाद भविष्य के उपयोग के लिए उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है। जो उम्मीदवार बैंकिंग क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं, उन्हें विस्तृत अधिसूचना जारी होने के बाद पात्रता और अन्य शर्तों को ध्यान से पढ़कर समय रहते आवेदन करना चाहिए।