HPRCA Jobs 2026 : हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (HPRCA), हमीरपुर ने क्लर्क भर्ती 2026 का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती अभियान के तहत कार्मिक विभाग (सचिवालय प्रशासन सेवा-I) में जॉब ट्रेनी आधार पर 40 क्लर्क पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 14 अगस्त 2026 से 11 सितंबर 2026 तक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। कुल 40 पदों में 17 अनारक्षित, 4 ईडब्ल्यूएस, 8 ओबीसी और 10 एससी वर्ग के लिए आरक्षित हैं। निर्धारित अंतिम तिथि के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे, इसलिए उम्मीदवारों को समय रहते आवेदन करने की सलाह दी गई है।
भर्ती के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक (Graduation) की डिग्री होना अनिवार्य है। इसके साथ कंप्यूटर पर अंग्रेजी में 30 शब्द प्रति मिनट या हिंदी में 25 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग स्पीड भी जरूरी है। उम्मीदवार को हिमाचल प्रदेश की संस्कृति, रीति-रिवाज और स्थानीय बोलियों की जानकारी होना वांछनीय माना गया है।
आयु सीमा 1 जनवरी 2026 के आधार पर 18 से 45 वर्ष निर्धारित की गई है। हिमाचल प्रदेश के एससी, एसटी, ओबीसी, दिव्यांग, सरकारी कर्मचारियों और पूर्व सैनिकों को अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष तक की छूट मिलेगी। सभी वर्गों के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 800 रुपये तय किया गया है, जबकि आवेदन फॉर्म में संशोधन के लिए 100 रुपये अतिरिक्त शुल्क देना होगा।
चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति जॉब ट्रेनी योजना-2025 के तहत होगी। प्रशिक्षण अवधि के दौरान उन्हें 12,500 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जाएगा। आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को HPRCA की आधिकारिक वेबसाइट hprca.hp.gov.in पर जाकर पहले रजिस्ट्रेशन करना होगा, फिर आवेदन फॉर्म में व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरनी होगी।
इसके बाद फोटो, हस्ताक्षर और अन्य आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर ऑनलाइन शुल्क जमा करना होगा। अंतिम सबमिट करने से पहले उम्मीदवार सभी जानकारियों की अच्छी तरह जांच कर लें और भविष्य के लिए आवेदन फॉर्म का प्रिंटआउट सुरक्षित रखें।