HPRCA Recruitment 2026: हिमाचल में असिस्टेंट स्टाफ नर्स के 312 पदों पर भर्ती, जानें योग्यता और चयन प्रक्रिया

HPRCA ASN Jobs : हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (HPRCA) ने असिस्टेंट स्टाफ नर्स (ASN) के 312 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं। केवल महिला उम्मीदवार आवेदन कर सकती हैं।
HPRCA has invited applications for 312 Assistant Staff Nurse posts exclusively for eligible female candidates.
हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (फोटो - गूगल इमेज)
Updated on

HPRCA Vacancy : हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (HPRCA) ने स्वास्थ्य क्षेत्र में नौकरी की तैयारी कर रही महिलाओं के लिए बड़ी भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। आयोग ने असिस्टेंट स्टाफ नर्स (ASN) के कुल 312 पदों पर योग्य महिला उम्मीदवारों से ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं।

इच्छुक अभ्यर्थी HPRCA की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं। भर्ती में सामान्य, ओबीसी, एससी, एसटी और ईडब्ल्यूएस समेत सभी वर्गों के लिए अलग-अलग पद निर्धारित किए गए हैं। सबसे अधिक 112 पद सामान्य वर्ग के लिए हैं। यह भर्ती केवल महिला उम्मीदवारों के लिए है, इसलिए पुरुष अभ्यर्थी आवेदन नहीं कर सकेंगे।

असिस्टेंट स्टाफ नर्स के 312 पदों पर भर्ती

इस भर्ती के लिए आवेदन करने वाली उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से बीएससी नर्सिंग में कम से कम 50 प्रतिशत अंक या जीएनएम (ए ग्रेड नर्सिंग डिप्लोमा) में 50 प्रतिशत अंक होना जरूरी है। इसके साथ ही उम्मीदवार का हिमाचल प्रदेश का बोनाफाइड निवासी होना और एचपीएनआरसी (HPNRC), शिमला में पंजीकरण होना अनिवार्य है।

आयु सीमा 1 जनवरी 2026 के अनुसार 21 से 45 वर्ष तय की गई है। चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) या 120 अंकों की लिखित स्क्रीनिंग परीक्षा के आधार पर होगा। परीक्षा की अवधि 1 घंटा 30 मिनट होगी। आयोग जरूरत पड़ने पर चयन का कोई अन्य उपयुक्त तरीका भी अपना सकता है।

सिर्फ महिला उम्मीदवार कर सकेंगी आवेदन

आवेदन शुल्क की बात करें तो सभी उम्मीदवारों को 100 रुपये परीक्षा शुल्क और 700 रुपये प्रोसेसिंग शुल्क यानी कुल 800 रुपये जमा करने होंगे। यदि आवेदन में किसी प्रकार का संशोधन करना होगा तो इसके लिए 100 रुपये अतिरिक्त शुल्क देना पड़ेगा।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले HPRCA की आधिकारिक वेबसाइट hprca.hp.gov.in पर जाकर पंजीकरण करें। इसके बाद आवेदन फॉर्म में व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरें, आवश्यक दस्तावेज, फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करें तथा ऑनलाइन शुल्क का भुगतान करें।

सभी विवरणों की जांच करने के बाद आवेदन पत्र जमा करें और भविष्य के लिए उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें। यह भर्ती हिमाचल प्रदेश में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में करियर बनाने की इच्छुक महिला उम्मीदवारों के लिए एक अच्छा अवसर मानी जा रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com