विंटर बाउंड स्कूलों में 9 नवंबर से 19 दिसंबर तक होंगी प्रैक्टिकल परीक्षाएं
सामान्य स्कूलों में 1 जनवरी से 13 फरवरी 2027 तक होगा इंटरनल असेसमेंट
10वीं-12वीं की थ्योरी परीक्षा की डेटशीट अभी जारी नहीं, छात्रों को इंतजार
CBSE Class 10th 12th Exam Schedule: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए महत्वपूर्ण अपडेट जारी किया है। बोर्ड ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रैक्टिकल परीक्षाओं, प्रोजेक्ट असेसमेंट और इंटरनल असेसमेंट का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। इसके तहत अलग-अलग शैक्षणिक सत्र वाले स्कूलों के लिए परीक्षा की तारीखें निर्धारित की गई हैं। हालांकि, मुख्य बोर्ड परीक्षाओं की विषयवार डेटशीट को लेकर छात्रों को अभी इंतजार करना होगा।
सीबीएसई की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, विंटर बाउंड स्कूलों में कक्षा 10वीं और 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाएं 9 नवंबर 2026 से शुरू होंगी। ये परीक्षाएं 19 दिसंबर 2026 तक आयोजित की जाएंगी। बोर्ड ने संबंधित स्कूलों को निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी प्रैक्टिकल परीक्षाएं और आंतरिक मूल्यांकन पूरा कराने के निर्देश दिए हैं।
वहीं, सामान्य शैक्षणिक सत्र वाले स्कूलों में कक्षा 10वीं और 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाएं 1 जनवरी से 13 फरवरी 2027 तक आयोजित की जाएंगी। इन परीक्षाओं में छात्रों को संबंधित विषयों के प्रैक्टिकल, प्रोजेक्ट वर्क और इंटरनल असेसमेंट में शामिल होना होगा। स्कूलों को निर्देश दिया गया है कि वे परीक्षा की तैयारी समय से पूरी करें, ताकि मूल्यांकन प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी न हो।
सीबीएसई की ओर से प्रैक्टिकल परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी होने के बाद अब छात्रों की नजर मुख्य बोर्ड परीक्षाओं की डेटशीट पर है। हालांकि, फिलहाल कक्षा 10वीं और 12वीं की थ्योरी परीक्षाओं की विषयवार तारीखों का आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है।
छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे डेटशीट को लेकर किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और बोर्ड की आधिकारिक सूचना का इंतजार करें। डेटशीट जारी होने के बाद छात्र अपने विषयों के अनुसार परीक्षा की तारीख और समय की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
सीबीएसई की ओर से जारी होने वाली परीक्षा संबंधी जानकारी और डेटशीट छात्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर जाकर डाउनलोड कर सकेंगे। इसके लिए वेबसाइट के लेटेस्ट नोटिस और परीक्षा संबंधी सेक्शन को नियमित रूप से चेक करते रहें।