Bharat Kala Bhavan Vacancy : अगर आप सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं और संग्रहालय, कला या गैर-शिक्षण क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) ने भारत कला भवन में ग्रुप 'बी' और ग्रुप 'सी' के विभिन्न गैर-शिक्षण पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 10 रिक्त पद भरे जाएंगे।
आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 8 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र जमा करने और शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि भी यही है। भर्ती में सहायक क्यूरेटर, कलाकार, सहायक फोटोग्राफर, जूनियर डार्नर और गैलरी परिचारक जैसे पद शामिल हैं।
पदों के अनुसार शैक्षणिक योग्यता अलग-अलग तय की गई है। सहायक क्यूरेटर पद के लिए संग्रहालय विज्ञान, विरासत प्रबंधन या संबंधित विषय में कम से कम 55 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातकोत्तर डिग्री आवश्यक है। कलाकार पद के लिए फाइन आर्ट्स में स्नातक डिग्री और पांच वर्ष का अनुभव मांगा गया है। सहायक फोटोग्राफर के लिए फोटोग्राफी में डिग्री या डिप्लोमा के साथ एक वर्ष का अनुभव जरूरी है।
जूनियर डार्नर पद के लिए 12वीं पास और संबंधित क्षेत्र में पांच वर्ष का अनुभव होना चाहिए। वहीं गैलरी परिचारक पद के लिए 12वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। संग्रहालय या संबंधित संस्थान में कार्य अनुभव रखने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता मिलेगी। सहायक क्यूरेटर और कलाकार के लिए अधिकतम आयु सीमा 35 वर्ष, जबकि जूनियर डार्नर और गैलरी परिचारक के लिए 32 वर्ष निर्धारित की गई है।
ये खबर भी पढ़ें : UP Home Guard Result 2025 जारी, 1.07 लाख अभ्यर्थी DV और PST के लिए शॉर्टलिस्ट; ऐसे करें रिजल्ट चेक
आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 500 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा, जबकि एससी, एसटी, दिव्यांग और महिला उम्मीदवारों के लिए आवेदन पूरी तरह निःशुल्क है। आवेदन से पहले उम्मीदवारों को BHU के Recruitment & Assessment Cell (RAC) पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा।
चयन प्रक्रिया में सबसे पहले आवेदन पत्रों की स्क्रीनिंग होगी। इसके बाद योग्य उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा और स्किल टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा। दोनों चरणों में सफल अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन किया जाएगा, जिसके बाद अंतिम चयन होगा। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि आवेदन करने से पहले आधिकारिक अधिसूचना को ध्यान से पढ़ लें और समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।