Who Is Manujendra Shah: दिल्ली के हाई प्रोफाईल इलाके लुटिंयस में स्थित एक लग्जरी हवेली की डील काफी चर्चाओं में है। इस प्रॉपर्टी को लगभग 1000 करोड़ रुपये में बेचा जा रहा है। भगवान दास रोड के प्लॉट नंबर 5 पर 3.2 एकड़ में फैली यह प्रॉपर्टी किसी आम आदमी की नहीं बल्कि एक राजा की है। इनका नाम मनुजेंद्र शाह साहिब बहादुर है।
इस घर को टिहरी हाउस के नाम से भी जाना जाता है। क्योंकि, इस घर के मालिक मनुजेंद्र शाह टिहरी-गढ़वाल स्टेट के महाराजा हैं। अब मनुजेंद्र शाह अपने इस घर को बेच रहे हैं। इस डील के जरिए उन्हें 1000 करोड़ रुपये मिलेंगे।
बता दें कि मनुजेंद्र शाह कारों के शौकिन हैं। इसलिए उनके पास कारों का एक बड़ा बेड़ा है। इसमें बीएमडब्लू, पोर्श से लेकर कई विंटेज कारें शामिल हैं। यही वजह है कि वह देश-विदेश में आयोजित होने वाली कार रैलियों में शामिल होते हैं। इसके साथ ही वह कार रैलियों का आयोजन भी करते रहे हैं। इसके अलावा भी वह कई एलीट क्लब और सोसाइटी के स्थायी मेंबर हैं। मनुजेंद्र शाह अपनी शाही लाइफ और शान-शौकत के लिए जाने जाते हैं।
मनुजेंद्र शाह की पत्नी माला राज्य लक्ष्मी शाह हैं। माला राज्य लक्ष्मी शाह टिहरी से सांसद हैं। दिल्ली के भगवान दास रोड स्थित हवेली के अलावा भी मनुजेंद्र शाह के पास कई आलीशान बंग्ले हैं। इनमें नरेंद्र नगर पैलेस, आनंदा और नरेंद्र नगर में रिज हाउस जैसी शाही संपत्तियां शामिल हैं। मनुजेंद्र शाह के पिता मानवेंद्र शाह टिहरी के अंतिम नरेश थे। मानवेंद्र शाह भी टिहरी से कई बार सांसद रहे। अब उनकी पॉलिटिकल विरासत उनकी बहु माला राज्य लक्ष्मी शाह संभाल रही हैं। वह टिहरी गढ़वाल से बीजेपी की सांसद हैं।
यह भी पढ़ें: AI Impact Summit 2026 का क्या होगा नौकरियों पर असर? जानिए दिल्ली में होने वाले इस इवेंट से जुड़ी अहम जानकारी
दिल्ली स्थित मनुजेंद्र शाह की हवेली, जिसे टिहरी हाउस के नाम से भी जाना जाता है, कभी टिहरी गढ़वाल राजपरिवार का आधिकारिक आवास हुआ करता था। अब इस घर की डील फाइनल हो चुकी है। 1000 करोड़ रुपये में इसका सौदा तय हुआ है। यह अलीशान घर ऐतिहासिक दृष्टिकोण से काफी महत्वपूर्ण है। इस घर को भी उसी व्यवसायी ने खरीदा है, जिसने जवाहर लाल नेहरू के आवास को 1100 करोड़ रुपये में खरीदने का समझौता किया है।