Share Market Opening Bell 10th July 2026: भारतीय शेयर बाजार में आज हफ्ते के आखिरी दिन शुक्रवार, 10 जुलाई को तेजी के संकेत नजर आ रहे हैं। जहां बाजार के दोनों प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी कारोबार के लिए हरे निशान में खुले। ट्रेड के शुरुआत में बीएसई सेंसेक्स 664.04 अंक या 0.87 प्रतिशत की उछाल के साथ 77,405.86 पर कारोबार कर रहा है। वहीं, एनएसई निफ्टी 219.00 अंक या 0.91 प्रतिशत चढ़कर 24,181.80 पर पहुंच गया। बीएसई सेंसेक्स पैक के टॉप-30 शेयरों में से 27 हरे निशान में ट्रेड कर रहे हैं। वहीं, बाकी तीन शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में बने हुए हैं।
मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में मजबूती बनी हुई है। लॉर्जकैप इंडेक्स भी आज हरे निशान में कारोबार कर रहा है। गुरुवार की तरह आज शुक्रवार को भी ऑटो सेक्टर के शेयरों में तेजी देखने को मिल रही है। यह इंडेक्स 453 अंकों से अधिक की तेजी के साथ ट्रेड कर रहा है। वहीं बैंकिंग सेक्टर में सर्वाधिक 600 अंकों से ज्यादा की तेजी देखी जा रही है।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के डिप्टी वाइस प्रेसिडेंट नंदीश शाह के मुताबिक, पिछले कारोबारी सत्र में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के कैश मार्केट में बुधवार की तुलना में 10 प्रतिशत की गिरावट रिकॉर्ड की गई। ब्रॉडर मार्केट में रिकवरी अच्छी रही। मिडैकैप्स में 1.04 प्रतिशत और स्मॉलकैप्स में 1.80 प्रतिशत बढ़त देखी गई। बाजार में फिर पॉजिटिव रुख देखा गया। एडवांस डिक्लाइन रेशियो 2.20 पर आ गया है जो बाजार में रिकवरी का डोमिनेंस दिखाता है। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये में 16 पैसे की तेजी देखी गई। जब तक निफ्टी 23800 के ऊपर मेंटेन रहता है बाजार बुल्स की गिरफ्त में रहेगा. 24200 पर निफ्टी का अहम रेसिसटेंस है।
यह भी पढ़ें: बरगद के पेड़ से शुरू हुआ BSE का सफर, 1 रुपये की फीस से रखी गई थी भारत के सबसे पुराने स्टॉक एक्सचेंज की नींव
वैश्विक बाजारों में भी मजबूती के साथ कारोबार हो रहा था। टोक्यो, शंघाई, हांगकांग, बैंकॉक, सोल और जकार्ता हरे निशान में थे। अमेरिकी शेयर बाजार भी गुरुवार को हरे निशान में बंद हुआ था, मुख्य सूचकांक डाओ जोन्स 0.27 प्रतिशत की मजबूती और टेक्नोलॉजी इंडेक्स नैस्डैक 1.30 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ था।