Share Market Crash Today 08 June 2026: मिडिल-ईस्ट में इजरायल और ईरान के बीच जंग एक बार फिर शुरू हो गई है। इसका असर शेयर मार्केट पर साफ दिखाई दिया। सोमवार को बाजार खुलते ही दोनों प्रमुख सूचकांकों में भारी गिरावट देखने को मिली। सोमवार को बीएसई सेंसेक्स में 718 अंकों गिरावट के साथ 73,421.61 पर खुला जबकि, एनएसई निफ्टी में भी करीब 250 अंकों गिरावट देखी गई, निफ्टी 23,118.45 पर कारोबार कर रहा है।
इस गिरावट के पीछे इजरायल और ईरान के बीच जंग को माना जा रहा है। ईरान और हिजबुल्लाह ने मिलकर रविवार की देर रात इजरायल के कई इलाकों पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए। इसके मिडिल-ईस्ट में एक बार फिर जंग शुरू हो गया। ईरान के हमले के जवाब में इजरायल ने भी जवाबी कार्रवाई की है। इससे निवेशक सतर्क हो गए हैं और मार्केट में बिकवाली का जोर नजर आया। कारोबार के दौरान बाजार के अभी और गिरने की संभावना है।
सोमवार को शेयर बाजार में बिकवाली देखी जा रही है। सेक्टरवार शेयरों की बात करें तो रियल्टी, मेटल, ऑटो और इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (IT) के शेयरों पर दबाव देखा जा रहा है। रियल्टी शेयर में लगभग 2 प्रतिशत की गिरावट आई है। वहीं, मेटल, ऑटो और आईटी सेक्टर में 1-1 फीसदी से अधिक की गिरावट दर्ज की गई है। निफ्टी की कंपनियों में विप्रो, टीसीएस, टाटा स्टील, हिंडालको इंडस्ट्रीज, जेएसडब्ल्यू स्टील, बजाज फाइनेंस और श्रीराम फाइनेंस को सबसे अधिक नुकसान में रहने वाले प्रमुख शेयर रहे।
मार्केट कैप की बात करें तो निफ्टी मिडकैप 100, मिडकैप 150 और स्मॉलकैप इंडेक्स में भी करीब 1-1 प्रतिशत की कमजोरी आई है। बाजार में उतार-चढ़ाव अचानक बहुत बढ़ गया। तमाम शेयरों मे गिरावट के बीच भारत वीआईएक्स ( वोलेटिलिटी इंडेक्स) लगभग 15 फीसदी उछलकर 18 के स्तर के आसपास कारोबार कर रहा है।
भारत के अलावा अन्य एशियाई बाजारों की बात करें तो अधितर में नकारात्मक रुख देखने को मिला। जापान का निक्केई करीब 4 फीसदी, दक्षिण कोरिया का कोस्पी 5 फीसदी और हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग करीब 1 फीसदी तक लुढ़क गया।
यह भी पढ़ें- Share Market Outlook: लौटेगी तेजी या गिरावट की मार, सोमवार को कैसा रहेगा बाजार; ये फैक्टर्स तय करेंगे चाल
मिडिल-ईस्ट में तनाव का असर कच्चे तेल की कीमत में भी नजर आया। सोमवार को कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है। अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 4 फीसदी छलांग लगाकर 96.90 डॉलर प्रति बैलर पर पहुंच गया। इसी तरह, अमेरिकी डब्ल्यूटीआई में 4.64 फीसदी की तेजी के साथ $94.75 पर कारोबार कर रहा था।