Share Market Outlook: लौटेगी तेजी या गिरावट की मार, सोमवार को कैसा रहेगा बाजार; ये फैक्टर्स तय करेंगे चाल

Share Market: मौजूदा समय में ब्रेंट क्रूड करीब 93 डॉलर प्रति बैरल और डब्ल्यूटीआई क्रूड 90 डॉलर प्रति बैरल पर था। अमेरिका में एआई शेयरों की चाल पर भी बाजार की नजर रहेगी।
Share Market Outlook
शेयर मार्केट, (कॉन्सेप्ट फोटो)
Published on
Updated on

Share Market Outlook: भारतीय शेयर बाजार के लिए अगला हफ्ता उतार-चढ़ाव भरा रह सकता है। इस दौरान अमेरिका-ईरान तनाव, एआई को लेकर निवेशकों का रुझान, महंगाई के आंकड़े और कच्चे तेल की कीमत जैसे कारक बाजार की दिशा तय करेंगे। अमेरिका-ईरान के बीच तनाव बना हुआ है। इजरायल की ओर से लेबनान पर लगातार बमबारी के चलते ईरान भी मध्य पूर्व में अमेरिकी ठिकानों पर आक्रामक बना हुआ है। ऐसे में अगले हफ्ते इस युद्ध को लेकर आने वाले अपडेट बाजार की चाल निर्धारित करेंगे।

इसके साथ कच्चे तेल की चाल भी बाजार के लिए अहम होगी। मौजूदा समय में ब्रेंट क्रूड करीब 93 डॉलर प्रति बैरल और डब्ल्यूटीआई क्रूड 90 डॉलर प्रति बैरल पर था। अमेरिका में एआई शेयरों की चाल पर भी बाजार की नजर रहेगी। शुक्रवार के सत्र में अमेरिकी में टेक्नोलॉजी इंडेक्स नैस्डैक में 5 प्रतिशत तक की गिरावट देखने को मिली थी।

12 जून को खुदरा महंगाई के आंकड़े

इस दौरान एआई थीम जुड़े शेयर जैसे एनवीडिया, माइक्रोन टेक्नोलॉजी और मार्वल टेक्नोलॉजी में करीब 17 प्रतिशत तक की गिरावट देखने को मिली थी। इसके अलावा, सरकार द्वारा 12 जून को खुदरा महंगाई के आंकड़े जारी किए जाएंगे। यह आंकड़े सीधे तौर पर बाजार से जुड़े होते हैं, क्योंकि इससे समग्र अर्थव्यवस्था की तस्वीर स्पष्ट होती है।

शुक्रवार को कैसा रहा बाजार का हाल?

बीता एक हफ्ता भारतीय शेयर बाजार के लिए नुकसान वाला रहा। इस दौरान निफ्टी में 181.05 अंक या 0.77 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 23,366.70 और सेंसेक्स 532.40 अंक या 0.71 प्रतिशत की गिरावट के साथ 74,243.34 पर बंद हुआ। इस दौरान मीडिया और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स शेयरों का प्रदर्शन सबसे अच्छा रहा। सूचकांकों में निफ्टी मीडिया 6.69 प्रतिशत, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 1.49 प्रतिशत और निफ्टी पीएसयू बैंक 1.26 प्रतिशत और निफ्टी हेल्थकेयर 0.11 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुआ। दूसरी तरफ निफ्टी एफएमसीजी 2.19 प्रतिशत, निफ्टी कमोडिटीज 1.86 प्रतिशत, निफ्टी इन्फ्रा 1.83 प्रतिशत, निफ्टी रियल्टी 1.74 प्रतिशत, निफ्टी मेटल 1.63 प्रतिशत, निफ्टी पीएसई 1.44 प्रतिशत और निफ्टी एनर्जी 1.30 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ।

अंतरराष्ट्रीय बाजार से मिले मजबूत संकेत

वैश्विक बाजारों में तेजी देखी जा रही है। टोक्यो, शंघाई, सोल, जकार्ता और बैंकॉक हरे निशान में थे। अमेरिकी शेयर बाजार भी गुरुवार को हरे निशान में बंद हुए थे। मुख्य सूचकांक डाओ जोन्स 0.55 प्रतिशत की तेजी के साथ हरे निशान में और टेक्नोलॉजी सूचकांक नैस्डैक 0.09 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुआ था। वैश्विक बाजारों में तेजी वजह ईरान की ओर से तनाव कम होने के संकेत मिलना है।

विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) गुरुवार के सत्र में भी शुद्ध विक्रेता रहे और इक्विटी मार्केट में 1,891.21 करोड़ रुपए की बिकवाली की। वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 2,492.42 करोड़ रुपए की खरीदारी की।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com