माइक्रोसॉफ्ट 365, आउटलुक और टीम्स जैसी प्रमुख सेवाएं 16 घंटे से अधिक समय तक पूरी तरह बंद रहीं।
इस वैश्विक आउटेज से 74 देशों के 43 करोड़ से अधिक यूजर्स प्रभावित हुए, जिसका कई सेक्टर पर असर पड़ा।
तकनीकी खराबी के चलते माइक्रोसॉफ्ट और प्रभावित क्षेत्रों को लगभग 93 हजार करोड़ रुपये की नुकसान की आशंका है।
Microsoft Service Down: दुनियाभर में टेक्नोलॉजी दिग्गज माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई भारी तकनीकी खराबी ने भारत समेत 74 देशों में कोहराम मचा दिया। माइक्रोसॉफ्ट 365, आउटलुक और टीम्स जैसी लोकप्रिय सेवाएं लगभग 16 घंटे से अधिक समय तक पूरी तरह ठप रहीं।
इस वैश्विक व्यवधान के चलते एयरलाइंस, बैंक, अस्पताल, सरकारी दफ्तर और अदालतों जैसी कई महत्वपूर्ण सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं, जिससे आम जनजीवन और कामकाज पटरी से उतर गया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, डाउनडिटेक्टर (Downdetector) के आंकड़ों के अनुसार भारत समेत दुनिया के 74 देशों में करीब 43 करोड़ उपयोगकर्ता इस तकनीकी आउटेज की चपेट में आए। अकेले आउटलुक तक पहुंचने में परेशानी को लेकर दुनिया भर के दर्जनों देशों से करीब 1.30 लाख से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं। गुरुवार आधी रात के बाद शुरू हुई यह तकनीकी गड़बड़ी शुक्रवार तक बनी रही, जिससे वैश्विक स्तर पर हड़कंप मच गया।
इस बड़े पैमाने पर आए व्यवधान के कारण अमेरिकी शेयर बाजार में माइक्रोसॉफ्ट के शेयरों में करीब दो प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। शुरुआती अनुमानों के अनुसार, इस वैश्विक आउटेज से कंपनी और प्रभावित क्षेत्रों को लगभग 10 अरब डॉलर यानी भारतीय मुद्रा में 93 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा के वित्तीय नुकसान का सामना करना पड़ा है।
इस बीच, माइक्रोसॉफ्ट ने स्पष्ट किया है कि यह संकट किसी साइबर सुरक्षा में सेंध या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस हमले की वजह से नहीं आया था। कंपनी ने जानकारी दी कि एशिया-प्रशांत क्षेत्र में सेवाओं को बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर काम किया गया और ईमेल सेवाओं में सुधार होना शुरू हो गया है।
हालांकि, कंपनी ने चेतावनी दी है कि कुछ यूजर्स को अभी भी रुक-रुककर दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है और अगले 48 घंटों में स्थिति पूरी तरह सामान्य होने की उम्मीद है।
भारत में भी इस तकनीकी खराबी का असर साफ दिखाई दिया। इंडिगो, स्पाइसजेट और अकासा एयर जैसी प्रमुख विमानन कंपनियों की ईमेल और टिकटिंग से जुड़ी सेवाएं प्रभावित हुईं। इंडिगो ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी कर बताया कि वे ग्राहकों के ईमेल प्राप्त नहीं कर पा रहे हैं।
वहीं, स्पाइसजेट की कुछ उड़ानें रद्द करनी पड़ीं और कई अन्य उड़ानें घंटों देरी से चलीं, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।