Current LPG Price India: भारत सरकार के पेट्रोलियम मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि अन्य देशों की तुलना में हमारे देश में गैस सिलेंडर काफी सस्ता है। घरेलू गैस की कीमतें अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा जैसे विकसित देशों के साथ-साथ हमारे पड़ोसी देशों के मुकाबले बहुत कम हैं। सरकार देश के नागरिकों को महंगाई से राहत देने के लिए लगातार कदम उठा रही है।
वर्तमान समय में एक रसोई गैस सिलेंडर की आपूर्ति लागत 1600 रुपए से अधिक हो चुकी है। इसके बावजूद आम उपभोक्ताओं को यह ईंधन बहुत कम कीमत पर उपलब्ध कराया जा रहा है। आम उपभोक्ता दिल्ली में इसे 942 रुपए में खरीद सकते हैं और कोई भी परिवार अपनी जरूरत के अनुसार आसानी से गैस प्राप्त कर सकता है।
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को सरकार विशेष आर्थिक राहत प्रदान कर रही है। इन परिवारों को 14.2 किलो का गैस सिलेंडर प्रभावी रूप से केवल 642 रुपए में मिलता है। इस योजना के तहत हर साल पहले चार रिफिल पर सीधे 300 रुपए की सब्सिडी दी जाती है, जिससे गरीब परिवारों को काफी लाभ मिलता है। गैर-उज्ज्वला सामान्य परिवारों को भी इस सरकारी सहायता का पूरा लाभ मिलता है। इन परिवारों को भी बाजार की वास्तविक लागत से लगभग 700 रुपए कम कीमत पर गैस सिलेंडर उपलब्ध होता है। अलग-अलग स्थानों पर स्थानीय वितरण की लागत के कारण सिलेंडर के दामों में मामूली अंतर हो सकता है, लेकिन राहत जारी है।
घरेलू उपभोक्ताओं को वैश्विक बाजार के सीधे प्रभाव से बचाने के लिए घरेलू गैस सिलेंडर के दाम हर महीने नहीं बदले जाते। वहीं, होटलों और व्यवसायों में इस्तेमाल होने वाले वाणिज्यिक गैस सिलेंडर की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार के अनुसार बदलती है। भारत अपनी कुल जरूरत की 60 प्रतिशत LPG आयात करता है।
यह भी पढ़ें: 661 करोड़ के फंड घोटाले में बड़ा खुलासा, CBI ने दिल्ली-एनसीआर समेत छह जगहों पर मारे छापे; मिले कई अहम सुराग
भारत की इस आयातित LPG का मूल्य सऊदी कॉन्ट्रैक्ट प्राइस पर निर्भर करता है, जो हर महीने की शुरुआत में सऊदी अरब द्वारा तय होता है। फरवरी में वैश्विक संकट से पहले LPG का दाम लगभग 543 डॉलर प्रति टन था। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद होने के बाद आपूर्ति की स्थिति काफी बदल गई।
अप्रैल में यह अंतरराष्ट्रीय कीमत बढ़कर 775 डॉलर प्रति टन तक पहुंच गई थी। इसके बाद जून में यह कीमत और बढ़कर लगभग 790 डॉलर प्रति टन के स्तर पर आ गई। इस तरह अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क में फरवरी के मुकाबले लगभग 46 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जिससे आयातित एलपीजी की लागत बढ़ गई है।