Dhoot Transmission Share: वायरिंग हार्नेस और इलेक्ट्रिकल सिस्टम बनाने वाली प्रमुख कंपनी धूत ट्रांसमिशन लिमिटेड के आईपीओ में मात्र एक माह में ही लाखों निवेशकों को 85% का जबरदस्त रिटर्न मिला है। 41% हिस्सेदारी के साथ दोपहिया व तिपहिया वायरिंग हार्नेस मार्केट की लीडर धूत ट्रांसमिशन का आईपीओ पिछले माह आया था।
3067 करोड़ रुपये के इस आईपीओ में मूल्य 871 रुपये प्रति शेयर रखा गया था। महाराष्ट्र स्थित इस तीन दशक पुरानी कंपनी के मजबूत ट्रैक रिकॉर्ड और अच्छी ग्रोथ संभावनाओं के कारण आईपीओ को निवेशकों से जोरदार समर्थन मिला और 74 गुना सब्सक्राइब हुआ।
कंपनी के शेयर 17 अगस्त को आईपीओ मूल्य 871 रुपये की तुलना में 38% फायदे के साथ 1200 रुपये पर लिस्ट हुए और इसमें लगातार तेजी है। बीते शुक्रवार को एनएसई में कंपनी का शेयर 18 रुपये बढ़कर 1609 रुपये की ऊंचाई पर पहुंच गया। इस तरह धूत ट्रांसमिशन ने लिस्टिंग के बाद अपने 7 लाख से अधिक निवेशकों को चंद दिनों में ही 85% का जबरदस्त रिटर्न प्रदान कर मालामाल कर दिया है। कंपनी के भारत और विदेशों में 23 आधुनिक विनिर्माण संयंत्र है। अब कंपनी भारत में 2 नए विनिर्माण संयंत्र लगा रही है।
अब धूत ट्रांसमिशन ने लिस्टिंग के बाद पहला तिमाही परिणाम जारी किया है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में उत्साहवर्धक प्रदर्शन करते हुए कुल कारोबार में 50% और 38% की जोरदार वृद्धि दर्ज की है।
बीती तिमाही के दौरान कंपनी का कुल कारोबार पिछले वर्ष के 966 करोड़ से बढ़कर 1447 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। जिस पर सकल लाभ (एबिटा) 169 करोड़ से 29% बढ़कर 218 करोड़ रुपये रहा। जबकि शुद्ध लाभ 96 करोड़ से बढ़कर 133 करोड़ रुपये रहा। बीते वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी को 4,563 करोड़ के कुल कारोबार पर 396 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था।
तिमाही प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए धूत ट्रांसमिशन के प्रबंध निदेशक राहुल धूत ने कहा कि भारत के दोपहिया व तिपहिया ऑटो मार्केट में ग्रोथ तेज हो रही है और कंपनी की पहली तिमाही की बिजनेस ग्रोथ हमारी उम्मीदों से अधिक रही है। जिसमें इलेक्ट्रिक और आईसीई व्हीकल्स, दोनों में मजबूत ग्रोथ देखी गई।
उन्होंने कहा कि देश में इलेक्ट्रिफिकेशन के बढ़ते ट्रेंड से कंपनी के वायरिंग हार्नेस और नॉन-वायरिंग हार्नेस, दोनों बिजनेस की ग्रोथ तेज हो रही है। हमें भरोसा है कि इस साल भी कंपनी अच्छी ग्रोथ करेगी। हाल ही में अधिग्रहित मल्टी-लिंक बिजनेस के एकीकरण से ग्रोथ तेज करने में मदद मिल रही है।