मंत्री संजय सिंह टाइगर के पटना स्थित एजी कॉलोनी आवास में चोरी हुई सोर्स-सोशल मीडिया
बिहार

बिहार: छठ मनाने भोजपुर गए थे मंत्री संजय सिंह टाइगर, पीछे से पटना स्थित घर में चोरी; चार कमरों के ताले टूटे

Patna Minister House Robbery: बिहार के मंत्री संजय सिंह टाइगर के पटना स्थित घर में चोरी हुई है। छठ पर परिवार के साथ भोजपुर गए मंत्री के बंद मकान के चार कमरों के ताले तोड़कर कीमती सामान चुरा लिया गया।

करुणा नंद शाहवाल

Highlights:

  • मंत्री संजय सिंह टाइगर के पटना स्थित एजी कॉलोनी आवास में चोरी हुई।

  • चोरों ने चार कमरों के ताले तोड़कर अलमारियों से कीमती सामान चुराया।

  • पुलिस और FSL टीम ने जांच शुरू की, CCTV फुटेज के जरिए संदिग्धों की तलाश जारी है।

Bihar Sanjay Singh Tiger Ke Ghar Chori: बिहार में अपराधियों ने अब सरकार के मंत्रियों के घर को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। सम्राट चौधरी सरकार में उच्च शिक्षा एवं विधि मंत्री संजय सिंह टाइगर के पटना स्थित आवास में चोरी की वारदात सामने आई है। मंत्री छठ पूजा के लिए परिवार के साथ बाहर गए हुए थे।

इसी दौरान शनिवार देर रात चोरों ने शास्त्री नगर थाना क्षेत्र की एजी कॉलोनी स्थित उनके घर में घुसकर चार कमरों के ताले तोड़ दिए और अलमारियों में रखा कीमती सामान लेकर फरार हो गए। रविवार को घटना का पता चलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। अब सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

घर बंद देखकर चोरों ने बनाया निशाना

जानकारी के अनुसार, संजय सिंह टाइगर का परिवार छठ पर्व के दौरान पटना स्थित आवास से बाहर गया हुआ था। घर खाली होने का फायदा उठाकर चोर शनिवार रात अंदर दाखिल हुए।

उन्होंने चार कमरों के ताले तोड़े और अलमारियों को खंगालकर कीमती सामान चोरी कर लिया।रविवार को घर लौटने या घटना की जानकारी मिलने पर चोरी का खुलासा हुआ। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और टीम मौके पर पहुंची।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की जांच के लिए शास्त्री नगर थाना पुलिस के साथ फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम भी पहुंची। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देख रही है। बताया जा रहा है कि कुछ संदिग्ध लोगों की गतिविधियां कैमरों में कैद हुई हैं। पुलिस इन्हीं फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

पुलिस कर रहीं घटना की जांच

शास्त्री नगर थानेदार के मुताबिक, रविवार तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली थी। घर से कौन-कौन सी चीजें चोरी हुई हैं और कुल कितने रुपये का नुकसान हुआ है, इसका पता आवेदन मिलने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस अपने स्तर पर जांच कर रही है।

छठ पूजा के लिए भोजपुर गए थे मंत्री

दरअसल, संजय सिंह छठ महापर्व के मौके पर अपने गृह जिले भोजपुर गए हुए थे। रविवार को उन्होंने आरा के चंदवा स्थित प्रसिद्ध सूर्य मंदिर में भगवान भास्कर के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। उन्होंने क्षेत्र के अलग-अलग छठ घाटों का दौरा भी किया।

शनिवार शाम तक पटना में थे संजय टाइगर

मंत्री शनिवार शाम तक पटना में ही मौजूद थे। छठ के दूसरे दिन उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी और पूर्व मंत्री मंगल पांडेय के आवास पर जाकर खरना का प्रसाद ग्रहण किया था।

इसके बाद वह अपने गृह जिले भोजपुर के लिए रवाना हो गए। इसी दौरान रात में उनके पटना स्थित घर में चोरी की वारदात हुई।

भोजपुर से है मंत्री संजय सिंह टाइगर का नाता

बता दें कि मंत्री संजय सिंह टाइगर भोजपुर जिले के बिहिया के रहने वाले हैं। वह भाजपा के नेता हैं और आरा विधानसभा सीट से विधायक हैं। सम्राट चौधरी के नेतृत्व में नई सरकार बनने के बाद भी उन्हें कैबिनेट में जगह मिली। फिलहाल उनके पास उच्च शिक्षा और विधि विभाग की जिम्मेदारी है।

पुणे के बाद अब नागपुर, नासिक और कोल्हापुर में भी चलेगी भारत टैक्सी! अमित शाह ने किया बड़ा ऐलान

Chhath Puja 2026 Live Updates: आज अस्ताचलगामी सूर्य को दिया गया अर्घ्य, घाटों पर उमड़े श्रद्धालु

जब लालू यादव ने राज ठाकरे को दी थी खुली चुनौती, क्या है मुंबई के शिवाजी पार्क में छठ करने वाली घटना? VIDEO

UNGA Death Penalty Vote: फांसी की सजा खत्म करने के प्रस्ताव पर भारत का विरोध, अमेरिका-चीन भी आए साथ

Kal Ka Mausam: 16 नवंबर को कहां होगी बारिश और कहां छाएगा कोहरा? IMD ने जारी किया अलर्ट