Rabri Devi Vacates Bungalow Patna: बिहार की राजनीति का एक अहम अध्याय समाप्त होता दिख रहा है। पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास-जो लंबे समय से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के परिवार से जुड़ा रहा है, उसको खाली करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। शुक्रवार को आवास के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे हटा दिए गए, जबकि घर का सामान धीरे-धीरे तेजस्वी यादव के घर शिफ्ट किया जा रहा है।
राजद प्रमुख लालू यादव 10 सर्कुलर रोड स्थित अपने आवास से निकल गए। सुरक्षा हटाए जाने के बीच लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के सामान बैग 10 सर्कुलर रोड से नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के आधिकारिक आवास पर स्थानांतरित किए जा रहे हैं। बता दें, कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के कौटिल्य नगर स्थित नए आवास पर निर्माण कार्य जारी है।
राबड़ी देवी का यह बंगला करीब दो दशकों तक राजनीतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी वर्ष 2006 से इस सरकारी आवास में रह रही थीं। यह सरकारी आवास उन्हें पहले बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और बाद में बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष रहने के दौरान आवंटित किया गया था। पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव भी लंबे समय तक इसी आवास में रहे।
इन वर्षों में 10 सर्कुलर रोड राजद की राजनीतिक रणनीतियों, संगठनात्मक बैठकों और चुनावी फैसलों का अहम केंद्र बना रहा। बिहार की राजनीति से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय इसी आवास में लिए गए, जिससे यह पता राज्य की राजनीति का एक प्रमुख प्रतीक बन गया।
राज्य सरकार ने अब इस सरकारी बंगले का आवंटन पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री नंद किशोर राम को कर दिया है। वहीं, राबड़ी देवी को बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष होने के नाते 39 हार्डिंग रोड स्थित सरकारी आवास आवंटित किया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, राबड़ी देवी ने 10 सर्कुलर रोड में ही बने रहने की अनुमति मांगी थी, लेकिन भवन निर्माण विभाग ने उनके अनुरोध को मंजूरी नहीं दी। विभाग की ओर से अब तक चार नोटिस जारी कर आवास खाली करने को कहा जा चुका है। अंतिम समय-सीमा 29 जून तक निर्धारित की गई है, जिसके बाद बंगला औपचारिक रूप से नए आवंटी को सौंप दिया जाएगा।
इधर, हार्डिंग रोड स्थित नए सरकारी आवास में निर्माण और आवश्यक बदलाव का काम जारी है। बताया जा रहा है कि राबड़ी देवी की ओर से कुछ संरचनात्मक बदलाव की मांग की गई थी, जिसे भवन निर्माण विभाग पूरा करा रहा है।
यह भी पढ़ें - भरत तिवारी एनकाउंटर में बड़ा खुलासा! पोस्टमार्टम रिपोर्ट आते ही सीएम सम्राट चौधरी ने कर दिया ये ऐलान
राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि भविष्य में लालू परिवार कौटिल्य नगर में निर्माणाधीन अपने निजी आवास में भी शिफ्ट हो सकता है। 10 सर्कुलर रोड से सुरक्षा उपकरणों को हटाया जाना और सामान की लगातार हो रही शिफ्टिंग इस बात का संकेत माना जा रहा है कि आवास का हस्तांतरण अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है।