अनंत सिंह की बेटी की 25 नवंबर को होने जा रही शाही शादी
शादी में घुड़दौड़ होगी, जिसके विजेता को इनाम में थार SUV दी जाएगी
इस शाही शादी में करीब 4 लाख लोगों के भोजन की होगी व्यवस्था
Anant Singh House Horse Racing, Royal Wedding Mokama: बिहार की राजनीति में बाहुबली छवि और अपने खास अंदाज के लिए चर्चित मोकामा विधायक अनंत सिंह के परिवार में शादी हो और घोड़ों की टाप सुनाई न दे, ऐसा भला कैसे हो सकता है। इस बार मौका उनकी छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी का है।
लिहाजा पैतृक गांव लदमा में तैयारियां भी अनंत सिंह के अंदाज में हो रही हैं। कई बीघा जमीन पर टेंट और भव्य पंडाल लगाए जा रहे हैं। शादी के जश्न को यादगार बनाने के लिए घुड़दौड़, कुश्ती और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी है। सबसे खास आकर्षण घुड़दौड़ होगी, जिसके विजेता को इनाम में थार SUV दी जाएगी।
25 नवंबर को शिवांगी सिंह की शादी पटना के बिहटा निवासी ऋषिकेश कुमार से होनी है। शादी को लेकर लदमा में उत्सव जैसा माहौल है। अनंत सिंह की पत्नी और पूर्व विधायक नीलम देवी ने लदमा स्थित मां ब्राह्मणी मंदिर में पहला निमंत्रण कार्ड अर्पित कर शादी की रस्मों की शुरुआत की हैं।
अनंत सिंह को घुड़सवारी और कुश्ती का पुराना शौक रहा है। अपने इस शौक को उन्होंने कई बार बड़े आयोजनों के जरिए भी प्रदर्शित किया है। अब बेटी की शादी में भी उनके इसी अंदाज की झलक देखने को मिलेगी। घुड़दौड़ के लिए विशेष मैदान तैयार किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इस प्रतियोगिता में कई राज्यों के घुड़सवार हिस्सा ले सकते हैं। विजेता को थार SUV देकर सम्मानित किया जाएगा।
शादी में सिर्फ घुड़दौड़ ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र होंगे। पवन सिंह, अक्षरा सिंह, सोनू सूद और उदित नारायण जैसे चर्चित चेहरों के शामिल होने की चर्चा है। अनंत सिंह के भतीजे कर्मवीर सिंह के मुताबिक, शादी की तैयारियां बड़े पैमाने पर चल रही हैं। मेहमानों के स्वागत से लेकर आयोजन की व्यवस्थाओं तक हर पहलू पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इस शादी की चर्चा सिर्फ भव्य आयोजन और मेहमानों तक सीमित नहीं है। इसके साथ एक महत्वपूर्ण कानूनी तारीख भी जुड़ी हुई है। 25 नवंबर को बेटी की शादी के छह दिन बाद यानी 4 दिसंबर को अनंत सिंह को दुलारचंद हत्याकांड मामले में अदालत के निर्देश के अनुसार सरेंडर करना है।
इस तरह लदमा में जहां 25 नवंबर को शादी की शहनाइयां गूंजेंगी, वहीं 4 दिसंबर की तारीख अनंत सिंह के लिए कानूनी लिहाज से अहम होगी। यही वजह है कि इस शादी का जिक्र सामाजिक और राजनीतिक, दोनों हलकों में हो रहा है।
बिहार में नेताओं के घर होने वाली शादियां अक्सर पारिवारिक आयोजनों से कहीं आगे निकल जाती हैं। इन समारोहों में कौन पहुंचा, किसने किसके साथ मंच साझा किया और किन राजनीतिक परिवारों के बीच रिश्तेदारी बनी, इन सबकी चर्चा लंबे समय तक होती रहती है। कई बार शादी के मंच पर वे चेहरे भी एक साथ दिखाई देते हैं, जो राजनीतिक मंचों पर एक-दूसरे के विरोधी होते हैं।
12 मई 2018 को लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव की शादी ऐश्वर्या राय से हुई थी। ऐश्वर्या के पिता चंद्रिका राय उस समय RJD के विधायक थे, जबकि उनके दादा दरोगा प्रसाद राय बिहार के मुख्यमंत्री रह चुके थे। दूसरी ओर लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी भी बिहार की सत्ता संभाल चुके थे।
इस शादी में राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों का बड़ा जमावड़ा लगा था। करीब 7,000 मेहमानों की मौजूदगी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत कई बड़े नेताओं की शिरकत ने इसे बिहार की चर्चित शादियों में शामिल कर दिया।
लालू प्रसाद यादव की सबसे छोटी बेटी राजलक्ष्मी यादव की शादी मुलायम सिंह यादव के परिवार में हुई। उन्होंने तेज प्रताप सिंह यादव से विवाह किया, जो मैनपुरी से सांसद रह चुके हैं।
इस रिश्ते ने बिहार और उत्तर प्रदेश के दो बड़े राजनीतिक परिवारों को रिश्तेदारी के सूत्र में बांध दिया। एक तरफ लालू प्रसाद यादव का परिवार तो दूसरी तरफ मुलायम सिंह यादव का परिवार। इस शादी की चर्चा पटना से लेकर लखनऊ तक हुई।
दिसंबर 2017 में बिहार के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के बेटे उत्कर्ष मोदी की शादी भी राजनीतिक चर्चा का विषय बनी थी। इस समारोह में लालू प्रसाद यादव मेहमान बनकर पहुंचे थे।
दिलचस्प बात यह थी कि दोनों नेता राजनीतिक रूप से एक-दूसरे के बड़े विरोधी माने जाते थे। विधानसभा से लेकर सार्वजनिक मंचों तक दोनों के बीच तीखी बयानबाजी होती रही थी। लेकिन शादी के मंच पर राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता पीछे छूटती दिखाई दी। इस समारोह ने दिखाया कि बिहार की राजनीति में वैचारिक और राजनीतिक मतभेदों के बावजूद सामाजिक रिश्तों की अपनी जगह है।
साल 2021 में पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन के परिवार में भी दो शादियां हुईं। अक्टूबर में उनके बेटे ओसामा शहाब की शादी आयशा सबीह से हुई, जबकि नवंबर में बेटी हेरा शहाब का विवाह डॉ. शादमान से हुआ।
शहाबुद्दीन का निधन इससे कुछ महीने पहले ही हो चुका था। ऐसे में शादी में तेजस्वी यादव और RJD के कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी खास चर्चा में रही। इन समारोहों में परिवार के पुराने राजनीतिक और सामाजिक संबंधों की झलक भी देखने को मिली।
बिहार की इन चर्चित राजनीतिक शादियों के बीच अब अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी सुर्खियों में है। घोड़ों की रेस, विजेता के लिए थार SUV, भव्य पंडाल, सांस्कृतिक कार्यक्रम और चर्चित मेहमानों की संभावित मौजूदगी इसे खास बना रही है।
बिहार की राजनीतिक शादियों का इतिहास देखें तो हर समारोह अपने साथ कोई न कोई कहानी लेकर आया है। कहीं दो बड़े राजनीतिक परिवार रिश्तेदारी में बंधे, कहीं सियासी विरोधियों ने एक ही समारोह में मुलाकात की और कहीं पुराने सामाजिक संबंधों की झलक दिखाई दी।
लदमा की इस शादी में भी भव्यता और सियासत का अनोखा मेल देखने को मिल रहा है। फर्क बस इतना है कि इस बार शादी की शहनाइयों के साथ एक महत्वपूर्ण अदालती तारीख भी जुड़ी हुई है। 25 नवंबर का जश्न और 1 दिसंबर की कानूनी चुनौती, दोनों ने इस शादी को बिहार की राजनीति की चर्चित घटनाओं में शामिल कर दिया है।