Lalu Yadav vs Raj Thackeray on Chhath Puja: बिहार समेत देश के अलग-अलग हिस्सों में काफी धूम-धाम से छठ पूजा का महापर्व मनाया जा रहा है। आज रविवार को डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के लिए छठ घाटों पर व्रतियों की भीड़ देखी गई। एक तरफ छठ को लेकर लोगों में उत्साह और श्रद्धा देखी जा रही है।
वहीं, दूसरी ओर छठ पूजा और बिहार की संस्कृति को जबरन थोपने के आरोप पर राजनीति शुरू हो गई है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख के बयानों पर एक बार फिर छठ पूजा को लेकर विवाद शुरू हो गया है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए राज ठाकरे ने लिखा कि भारतीय जनता पार्टी और उसका जहरीला सोशल मीडिया इकोसिस्टम आजकल 'छठ पूजा' के मुद्दे का फायदा उठाकर मुंबई, महाराष्ट्र में झगड़ा भड़काने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।
इसके लिए वे सोशल मीडिया पर रस्मों और उनसे होने वाले 'सांस्कृतिक हमले' को दिखाते हुए रील चला रहे हैं। इसके बाद अब उन्होंने (बीजेपी सरकार) मुंबई के कुछ रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गाना बजाने की भी कोशिश की, जिसे महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने तुरंत बंद करवा दिया।
ठाकरे ने अपने पोस्ट में आरोप लगाया कि बीजेपी झगड़ा लगना चाहती है, लेकिन वह नहीं हो पाया। उन्होंने यह भी कहा कि यह सब उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए करवाया जा रहा है।
छठ पूजा को लेकर हो रही सियासत के बीच राजद प्रमुख लालू यादव के नाम की काफी चर्चा हो रही है। दरअसल, साल 2008 में मनसे प्रमुख और लालू यादव के बीच छठ पूजा को लेकर राजनीतिक टकराव हुआ था। दरअसल, इस सियासी टकराव के पीछे राज ठाकरे का बयान था। दरअसल, उन्होंने मुंबई में उत्तर भारतीयों द्वारा मनाए जाने वाले छठ पूजा को लेकर तीखी टिप्पणी की थी और इसे नौटंकी व राजनीतिक ताकत दिखाने का जरिया बताया था।
राज ठाकरे के इस बयान पर उस समय रेल मंत्री रहे लालू यादव ने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी। लालू ने राज ठाकरे और मनसे को खुली चुनौती देते हुए कहा था कि वह मुंबई में राज ठाकरे के घर के सामने या जुहू बीच पर छठ पर्व मनाएंगे। दोनों नेताओं के बीच हुई इस बयानबाजी के बाद महाराष्ट्र के कई इलाकों में उत्तर भारतीयों और मनसे कार्यकर्ताओं के बीच टकराव की स्थिति बन गई थी।
साल 2008 के बाद एक बार फिर छठ पर्व को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इस कड़ी में लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने भी सख्त टिप्पणी की हैं। राज ठाकरे और मनसे के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए रोहिणी आचार्य ने कहा कि कौन हैं ये राज ठाकरे.. उन्हें कौन जानता है और कौन नेता उन्हें सपोर्ट करता है?
अपने बयानों में रोहिणी आचार्य ने आगे कहा कि जैसे बारिश के मौसम में हर साल मेढक बाहर निकलते हैं... वैसे ही छठ में कुछ ऐसे आसमाजिक तत्व निकलते हैं, जो बिहार और बिहारियों की संस्कृति को नीचा दिखाने का काम करते हैं। इन्हें कोई भी गंभीरता से लेता नहीं है। ये सिर्फ मीडिया में बने रहने के लिए इस तरह की बयानबाजी करते हैं।