सुपरिटेंडेंट इंजीनियर विनोद राय, फोटो: सोशल मीडिया 
बिहार

रातभर जलाता रहा नोट फिर भी खत्म नहीं हुए पैसे, कालेधन का कुबेर निकला बिहार का सुपरिटेंडेंट इंजीनियर

Bihar की राजधानी पटना में शुक्रवार को आर्थिक अपराध इकाई ने ग्रामीण कार्य विभाग के सुपरिटेंडेंट इंजीनियर विनोद राय के आवास पर बड़ी कार्रवाई की। आवास से करोड़ों के कालेधन की जानकारी सामने आई है।

प्रतीक पाण्डेय

EOU Raid In Patna: सुपरिटेंडेंट इंजीनियर विनोद राय के आवास पर छापेमारी के दौरान नकदी, जेवर, जमीन-जायदाद के कागजात और अन्य निवेश से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए। खास बात यह रही कि अभियंता ने छापेमारी से पहले भारी मात्रा में नोट जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश की, लेकिन फिर भी लाखों रुपये और दस्तावेज बच गए।

ईओयू को गुरुवार की देर रात पता चला कि सुपरिटेंडेंट इंजीनियर विनोद राय मधुबनी से पटना अपने आवास पर बड़ी मात्रा में नकदी लेकर आ रहे हैं। बताया गया कि राय सीतामढ़ी डिविजन में पदस्थापित हैं और मधुबनी डिविजन का भी अतिरिक्त प्रभार उनके पास है। जब ईओयू की टीम पटना स्थित उनके आवास पर पहुंची तो घर की घेराबंदी कर दी गई।

पत्नी ने घर में घुसने से रोका

रात में तलाशी की कोशिश हुई तो उनकी पत्नी ने यह कहते हुए रोक दिया कि वह घर में अकेली हैं और रात के समय तलाशी उचित नहीं। इसी दौरान अधिकारियों को घर से जलने की तेज बदबू आने लगी। संदेह गहराया तो पुलिस ने सुबह होते ही घर में प्रवेश किया। घर में घुसते ही टीम वहां का मंंजर देख दंग रह गई।

नोट जलाते-जलाते थक गए, फिर भी बच गया कालाधन

सुबह जब ईओयू की टीम ने घर के अंदर प्रवेश किया तो चौंकाने वाला दृश्य सामने आया। जगह-जगह नोट जलाए गए थे। बाथरूम में जले हुए नोटों के टुकड़े पाइप के जरिए बहाने की कोशिश की गई थी। तलाशी के दौरान लगभग 12.50 लाख रुपये के जले नोट सीधे तौर पर मिले, जबकि बाथरूम की पाइप से निकले जले नोटों के मलबे का मूल्य दो से तीन करोड़ रुपये आंका गया है। इतने नोट जलाने के बाद भी सुपरिटेंडेंट इंजीनियर पूरी तरह सफल नहीं हो सके। घर की पानी की टंकी में छिपाकर रखे गए 500-500 रुपये के नोटों की गड्डियां पूरी तरह सुरक्षित मिलीं। टंकी से कुल 39.50 लाख रुपये बरामद किए गए। इस तरह नोटों के जलाए जाने और बरामदगी को जोड़कर अब तक लगभग 52 लाख रुपये की जब्ती हो चुकी है।

करोड़ों की संपत्ति का मालिक है विनोद राय

ईओयू की तलाशी में विनोद राय की अवैध संपत्ति का बड़ा जखीरा सामने आया। अधिकारियों ने घर से जमीन-जायदाद से जुड़ी 18 डीड, 15 बैंक खातों के कागजात, पार्टनरशिप से संबंधित दस्तावेज, 26 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर, कई बीमा पॉलिसियां और निवेश से जुड़े अन्य दस्तावेज बरामद किए। इसके अलावा एक इनोवा क्रिस्टा कार भी मिली है। इन सभी दस्तावेजों और निवेश का मूल्यांकन फिलहाल जारी है।

गिरफ्तारी और आगे की कार्रवाई

ईओयू ने अधीक्षण अभियंता विनोद राय को सबूत नष्ट करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और काले धन को छिपाने जैसे गंभीर आरोपों में गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी के दौरान वह घर के एक कमरे में छिपे मिला। वहीं, उनकी पत्नी को भी आरोपों में शामिल पाए जाने के बाद गिरफ्तार किया गया है। हालांकि, तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया और पुलिस निगरानी में इलाज जारी है।

ईओयू का आधिकारिक बयान

आर्थिक एवं साइबर अपराध प्रभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि 21 अगस्त की रात विश्वस्त सूत्रों से सूचना मिली थी कि विनोद राय अपने कार्य स्थल से सफेद इनोवा गाड़ी में भारी मात्रा में अवैध नकदी लेकर पटना पहुंचे हैं। इस आधार पर छापेमारी की गई और बड़ी बरामदगी हुई।

अधिकारियों के मुताबिक अब तक की जब्ती में नकदी, जेवरात और दस्तावेजों का कुल मूल्य करोड़ों रुपये तक पहुंच सकता है। फिलहाल दस्तावेजों की जांच और मूल्यांकन की प्रक्रिया जारी है। ईओयू ने साफ किया है कि इस मामले में शामिल अन्य लोगों को भी चिह्नित कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

MLC Election Results: महाराष्ट्र में महायुति को झटका, MVA ने 5 में से 3 सीटें जीतीं, सभी सीटों के परिणाम जारी

फिलीपींस में बिना नाम लिए पाकिस्तान को रक्षा मंत्री की दो टूक, ऑपरेशन सिंदूर का उदाहरण दिया

मजीठिया के खिलाफ 40 हजार पन्नों की चार्जशीट, AAP ने 736 करोड़ की मनी ट्रेल और BJP से कनेक्शन का किया दावा

बैलेट बॉक्स, इस्तीफा दो से DK इट्स डन ब्रो तक, MLC चुनाव के नतीजों पर BJP ने कांग्रेस पर की मीम्स की बौछार

Cyclone Alert: दिल्ली से आंध्र तक 19 राज्यों में अर्नब चक्रवात का असर, बारिश-तेज हवाओं और लैंडस्लाइड का अलर्ट