Darbhanga Molestation Case: बिहार में इन दिनों कई जिलों से लड़कियों के साथ अभद्र व्यवहार की घटनाएं सामने आ रही है। जमुई, समस्तीपुर के बाद अब दरभंगा जिले से महिला के साथ बदसलूका का मामला सामने आया है। इन घटनाओं ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए है।
बिहार के दरभंगा ज़िले में एक लड़की के साथ सबके सामने छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। इस घटना के सिलसिले में दो लोगों को पकड़ा गया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। यह घटना जमुई की उस घटना जैसी ही है, जिसने राज्य में काफी हंगामा खड़ा कर दिया था।
दरभंगा में सोमवार को एक छात्रा स्कूल जा रही थी, जब मोटरसाइकिल पर सवाल दो युवकों ने उसका दुपट्टा खींचने की कोशिश की। इस घटना के सामने आते ही पुलिस ने एक्शन लेते हुए कार्रवाई की और आरोपियों को ढूंढ निकाला।
एसपी साक्षी कुमारी ने बताया कि यह ताजा घटना सोमवार को दरभंगा के कीरतपुर गांव में हुई। पीड़िता स्कूल जा रही थी, तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों ने उसका दुपट्टा खींचने की कोशिश की।
एसपी साक्षी कुमारी ने कहा, "एक छात्रा स्कूल जा रही थी। जब वह कोसी तटबंध पर थी, तो दो युवक मोटरसाइकिल से उसका पीछा करने लगे। उन्होंने नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ की और उसे जबरदस्ती अपनी बाइक पर बिठाने की कोशिश की। जब लड़की ने शोर मचाया, तो पास के दुकानदार और स्थानीय ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया।"
बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा से कथित छेड़खानी के बाद बीते दिन समस्तीपुर जिले से भी नाबालिग लड़की के साथ कथित बदसलूकी का मामला सामने आया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, मामला समस्तीपुर के कर्पूरी ग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव स्थित बांध का बताया जा रहा है। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। बताया गया है कि घटना के समय लड़की किसी युवक के साथ बांध पर पहुंची थी। दोनों वहां बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान कुछ युवकों ने उन्हें घेर लिया। इसके बाद युवकों ने कथित तौर पर लड़की के साथ दुर्व्यवहार किया।
बिहार में इससे ठीक पहले 20 सितंबर की शाम जमुई में अपने दोस्त के साथ जा रही एक छात्रा के साथ छेड़खानी और बदसूलकी का मामला सामने आया था। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने इस मामले में एक्शन लिया।
जमुई जिले में एक टीनएजर लड़की को परेशान करने के मामले में आरोपी नंदन यादव के पैर में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गोली मार दी। एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें जमुई जिले में सड़क किनारे लोगों का एक ग्रुप कथित तौर पर एक लड़के और लड़की को परेशान करता दिख रहा था।
राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने इस मामले को लेकर सरकार को घेरा है। एक्स पर पोस्ट कर रोहिणी आचार्य ने कहा कि बिहार में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। उन्होंने जमुई, दरभंगा और समस्तीपुर की घटनाओं का जिक्र करते हुए सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में अपराधियों और मनचलों के बीच पुलिस प्रशासन का भय खत्म हो गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री की 'जीरो टॉलरेंस' नीति और महिला सुरक्षा से जुड़े दावों पर भी सवाल उठाए और सरकार से जवाब मांगा।