निशांत कुमार, नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी, (सोर्स- आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) 
बिहार

बिहार में NDA की नई सरकार का फॉर्मूला लीक! BJP का मुख्यमंत्री, JDU से दो डिप्टी; नीतीश के सांसद का खुलासा

Bihar New Government: सत्ताधारी दलों के नेताओं का कहना है कि सीएम नीतीश के द्वारा एनडीए विधान मंडल की बैठक बुलाई जाएगी। इसमें सभी के सामने नीतीश अपने इस्तीफे का औपचारिक ऐलान करेंगे।

मनोज आर्या

Bihar New Government Formula: बिहार के मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद राज्य में नई सरकार के गठन की कवायद तेज हो गई है। जनता दल यूनाइटेड (JDU) के सांसद रामप्रीत मंडल ने नई सरकार को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अगला मुख्यमंत्री भारतीय जनता पार्टी (BJP) का होगा, यह लगभग फाइनल हो चुका है। उन्होंने कहा कि जदयू से दो उप मुख्यमंत्री बनाए जाने हैं, जिनमें से एक नीतीश के बेटे निशांत कुमार का नाम भी करीब-करीब फाइनल है।

झंझारपुर से जदयू सांसद रामप्रीत मंडल ने शनिवार को मीडिया से बातचीत के दौरान बिहार में नई एनडीए सरकार का यह फॉर्मूला बताया है। उन्होंने कहा कि नया मुख्यमंत्री भाजपा से बनना तय है। अभी मुख्यमंत्री जदयू का है और भाजपा से दो डिप्टी सीएम हैं। इसी तरह, नई सरकार में भाजपा का मुख्यमंत्री होगा, तो जदयू से दो डिप्टी सीएम होने हैं। हालांकि, नई सरकार को लेकर अभी तक कोई औपचारिक ऐलान नहीं किया गया है।

सीएम पद से जल्द इस्तीफा देंगे नीतीश

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जल्द ही अपने पद से इस्तीफा देने वाले हैं। वह राज्यसभा सांसद के रूप में शुक्रवार को शपथ ले चुके हैं। सत्ताधारी दलों के नेताओं का कहना है कि सीएम नीतीश के द्वारा एनडीए विधान मंडल की बैठक बुलाई जाएगी। इसमें सभी के सामने नीतीश अपने इस्तीफे का औपचारिक ऐलान करेंगे। फिर राज्यपाल के पास जाकर अपना त्यागपत्र दे देंगे। इसके बाद बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

15 अप्रैल को नई सरकार का शपथ ग्रहण

नए सीएम का चयन नीतीश के इस्तीफे के बाद होने वाली एनडीए विधायक दल की बैठक में होगा। बताया जा रहा है कि भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री का नाम उसी बैठक में घोषित किया जाएगा। नई सरकार का शपथ ग्रहण 15 अप्रैल को होने की संभावना है।

नीतीश के बेटे निशांत की राजनीतिक एंट्री

मुख्यमंत्री नीतीश के बेटे निशांत कुमार ने एक महीने पहले ही राजनीति में कदम रखा था। इससे पहले वह सक्रिय राजनीति से दूर ही थे। नीतीश के राज्यसभा चुनाव में नामांकन के बाद निशांत ने जदयू की सदस्यता ग्रहण की थी। इसके बाद से वह पार्टी के क्रियाकलापों में सक्रिय रूप से हिस्सा ले रहे हैं। निशांत कुमार ने पार्टी के नेताओं के साथ अलग-अलग बैठकें कीं और उनसे फीडबैक लिया। पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा उन्हें मुख्यमंत्री बनाने की मांग भी लगातार की जा रही है।

सीएम की रेस में इन नेताओं का नाम

भाजपा से मुख्यमंत्री की रेस में सबसे पहले डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का नाम चल रहा है। उनके अलावा केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, मंत्री दिलीप जायसवाल, विधायक संजीव चौरिया, सांसद संजय जायसवाल, पूर्व डिप्टी सीएम रेणु देवी समेत अन्य का नाम भी रेस में है। एक-दो दिन में इस पर स्थिति साफ होने की संभावना है।

Air India Express: पोस्ट-फ्लाइट ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट में 35 मिनट की देरी, 8 क्रू मेंबर्स सस्पेंड

DUSU Voting 2026: आज DU में मतदान, ABVP-NSUI के बीच सीधा मुकाबला, 2.75 लाख छात्र चुनेंगे नया छात्र संघ

Weather Alert: पहाड़ों पर समय से पहले बर्फबारी, मैदानी इलाकों में बारिश-बाढ़, यूपी समेत कई राज्यों में अलर्ट

UGC NET June 2026: इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी की फाइनल आंसर-की जारी, ऐसे करें डाउनलोड

iPhone 18 Pro खरीदने के लिए दिल्ली-मुंबई में लगी लंबी लाइन, रात से एप्पल स्टोर के बाहर जुटे लोग; देखें VIDEO